झारखंड के दुमका (Dumka News) से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां जरमुंडी से बीजेपी विधायक देवेंद्र कुंवर (BJP MLA Devendra Kunwar) के रसोइए सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. सोनू का शव जिला परिषद के डाकबंगला स्थित एक क्वार्टर में फंदे से लटकता हुआ मिला.
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता इस बात से भी बढ़ जाती है कि बेटे की मौत की खबर सुनते ही सदमे में आए पिता ने भी जहर खा लिया, जिन्हें गंभीर हालत में देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों का कत्ल का आरोप
जानकारी के मुताबिक, देवघर जिले के सारवां प्रखंड का रहने वाला सोनू राउत (Sonu Raut) पिछले करीब तीन महीने से विधायक आवास में रसोइए के तौर पर काम कर रहा था. शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, वे मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया. परिजनों का सीधा आरोप है कि सोनू की बेरहमी से हत्या की गई है और फिर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शव को फंदे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. परिजनों के दावों को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि सोनू के चेहरे और शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं.
झारखंड: गिरिडीह सदर अस्पताल में पार्किंग को लेकर भिड़े मरीज के परिजन
विधायक और उनके दामाद समेत 9 पर FIR
मामले का हाई-प्रोफाइल कनेक्शन देखते हुए तुरंत भारी पुलिस बल और एसएफएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खैरवार (SP Pitambar Singh Kherwar) ने खुद घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. विधायक के साथ रहने वाले दो सुरक्षा गार्डों से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है.
वहीं, दूसरी तरफ विधायक के परिवार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. विधायक की बड़ी बेटी मीनू कुमारी का कहना है कि लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठे हैं.
हत्या या आत्महत्या? फोरेंसिक जांच से उठेगा पर्दा
पुलिस ने फिलहाल उस क्वार्टर को सील कर दिया है जहां से सोनू का शव बरामद हुआ था. शव को कब्जे में लेकर फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है. अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम और एसएफएल (फोरेंसिक) की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही इस खौफनाक मौत की असली वजह (Murder or Suicide) से पर्दा उठ पाएगा.
गिरिडीह में भू-धंसान से हड़कंप, CCL अस्पताल के दो भवन तबाह, लगी पाबंदी
