उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी व सांसद डिंपल यादव के अयोध्या जाने के दावे को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव करीब आते ही उन्हें अयोध्या की याद आने लगी है. राजभर ने अखिलेश यादव की राम मंदिर दर्शन की संभावित योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन सद्बुद्धि तो आई.
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “अखिलेश जी, सुना है आप अयोध्या जा रहे हैं? क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद करीब आ गया है?” राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें मथुरा और काशी जाने की तारीखों की भी घोषणा करने की सलाह दी.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के दावे पर केशव प्रसाद मौर्य बोले- ‘जिस दिन…’
कई बार सवाल उठा चुके हैं राजभर
इससे पहले ओम प्रकाश राजभर कई बार अखिलेश यादव से राम मंदिर ना जाने को लेकर सवाल कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अखिलेश अयोध्या जाते हैं, लेकिन हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन नहीं करते. वाराणसी जाने के बावजूद उन्होंने बाबा भोलेनाथ के दर्शन नहीं किए. राजभर ने कहा था कि अखिलेश यादव कहते हैं कि राम ही कृष्ण हैं और कृष्ण ही राम हैं, तो दर्शन करने में क्या परेशानी है?
यहां बता दें कि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर अक्सर ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधने से नहीं चूकते. वो रोजाना इसको लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट से लेकर मीडिया में बयान कहीं भी अखिलेश यादव पर हमला करने से नहीं चूकते.
अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के ऐलान के बाद प्रदेश में राजनीति गर्मा गयी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सवाल उठाया है और माफ़ी मांगने की सलाह है है तो उधर मौलाना साजिद रशीदी ने उन्हें नकली हिन्दू बताया है.
यह भी पढ़ें: CM योगी ने संतों संग खींचा रामरथ, पुष्पवर्षा और भजनों से राममय हुआ माहौल
