भारत में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का हुआ करता है. लेकिन लगता है कि अब धीरे-धीरे हालात सुधर रहे हैं. हाल ही में आए सरकारी आंकड़ों से भी इस बात का पता चलता है. इन आंकड़ों से पता चलता है कि देश में बेरोजगारी की स्थिति में थोड़ा सुधार हो रहा है. खासतौर से इस सर्वे में ये सामने आया है कि देश के गांव-देहात में बेरोजगारी कम हुई है. वहीं शहरों में बेरोजगारी दर में मामूली बढ़ोतरी हुई है.
दरअसल केंद्र सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान देश में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों की बेरोजगारी दर 5.1% रही. अप्रैल-जून 2026 में ये 5.4% थी.
क्या कहते हैं आंकड़े?
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) में ये जानकारी सामने आई है. इन सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी की स्थिति कुछ इस तरह रही:
| क्षेत्र | अप्रैल-जून 2026 | जुलाई-सितंबर 2026 |
| ग्रामीण क्षेत्र | 4.8% | 4.3% |
| शहरी क्षेत्र | 6.7% | 6.8% |
| देश की कुल बेरोजगारी दर | 5.4% | 5.1% |
ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 4.8% से घटकर 4.3% हो गई. इसका मतलब है कि गांवों में रोजगार की स्थिति में सुधार हुआ है. इसके उलट, शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 6.7% से बढ़कर 6.8% हो गई.
देश में कितने लोग कर रहे हैं काम?
इस सरकारी सर्वे के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान देश में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के करीब 57.9 करोड़ लोग रोजगार में थे. इनमें करीब 40.5 करोड़ पुरुष रोजगार में थे. तो वहीं करीब 17.4 करोड़ महिलाएं रोजगार में थीं. ये आंकड़ा बताता है कि देश में बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे हैं. हालांकि, रोजगार की गुणवत्ता, वेतन और स्थायी नौकरी मिलना भी उतना ही जरूरी है.
महिलाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ी
इस सर्वे में उजागर हुआ है कि महिलाओं के रोजगार को लेकर भी देस में सकारात्मकता है. जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर बढ़कर 34.7% हो गई. अप्रैल-जून में ये 33.2% थी. महिलाओं की रोजगार दर भी 31.3% से बढ़कर 32.8% हो गई.
कैसे घटी बेरोजगारी?
इस सर्वे में ये भी सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेती से जुड़े काम करने वाले लोगों का अनुपात बढ़ा है. अप्रैल-जून 2026 में ग्रामीण कामगारों में खेती- किसानी से जुड़े लोगों का हिस्सा 52.9% था. जुलाई-सितंबर में ये बढ़कर 56.7% हो गया. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वाले लोगों का हिस्सा भी 61.4% से बढ़कर 62.7% हो गया. इसका मतलब है कि गांवों में बड़ी संख्या में लोग खेती और खुद का काम करके रोजगार हासिल कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: LPG का संकट टला, जंग के बाद होर्मुज से गुजरे सबसे ज्यादा गैस टैंकर
