Headlines

नेपाल की बालेन शाह सरकार के गृहमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, 26 दिन में ही दिया इस्तीफा


नेपाल के गृहमंत्री सुधन गुरुंग ने पद संभालने के बाद 26 दिन के अंदर ही इस्तीफा दे दिया है. बुधवार (22 अप्रैल, 2026) को उनकी वित्तीय संपत्तियों को लेकर उठाई गईं चिंताओं की निष्पक्ष जांच का हवाला देते हुए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया है. सुधन गुरुंग ने फेसबुक पर पोस्ट करके इस बारे में जानकारी दी है. 

सुधन गुरुंग पर विवादास्पद कारोबारी दीपक भट्टा के साथ व्यापारिक हिस्सेदारी और माइक्रो इंश्योरेंस कंपनियों में संदिग्ध निवेश के आरोप लगे थे. दीपक भट्टा पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं और उनके खिलाफ जांच चल रही है.

सुधन गुरुंग ने गृहमंत्री बनने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया था और अब उन्हें निजी निवेशों के चलते आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने व्यापक विरोध के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है. फेसबुक पोस्ट में सुधन गुरुंग ने लिखा,  ‘मुझसे जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पदों पर रहते हुए हितों के टकराव से बचने और जांच प्रक्रिया पर किसी भी तरह के प्रभाव से बचने के लिए मैंने गृहमंत्री के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है.’

यह भी पढ़ें:- Explained: सूद समेत 12 बिलियन डॉलर लौटाएंगे ट्रंप! US टैरिफ के मुआवजे में भारत को कब और कैसे मिलेगा रिफंड?

सुधन गुरुंग ने कहा, ‘मेरे लिए नैतिकता पद से ऊपर है और जनता के विश्वास से बड़ी कोई ताकत नहीं है. नेपाल में चल रहे Gen Z आंदोलन, जो सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा है, उसने भी यही संदेश दिया है कि सार्वजनिक जीवन स्वच्छ होना चाहिए और नेतृत्व जवाबदेह होना चाहिए. अगर कोई मेरे 46 भाई-बहनों के खून और बलिदान से गठित सरकार पर सवाल उठाता है तो उसका जवाब नैतिकता है.’ उन्होंने यह भी कहा है कि वह उन पर लगे आरोपों की जांच में पूरी तरह से सहयोग करेंगे.

यह भी पढ़ें:- ईरान की मिसाइलें और ड्रोन खत्म होने का झूठा दावा कर रहे थे ट्रंप? पेंटागन की रिपोर्ट ने बढ़ा दी अमेरिका की टेंशन, जानें क्या हुआ खुलासा

सुधन गुरुंग ने अपील की है कि बहुत सारी अफवाहें फैली हुई हैं इसलिए अटकलें न लगाएं. उन्होंने कहा, ‘आरोप और सच्चाई एक नहीं होते हैं. सबूतों के आधार पर फैसला होना चाहिए, भावनाओं के आधार पर नहीं. मैं पार्टी की ओर से किए गए हर फैसले का समर्थन करूंगा और जांच में पूरी तरह सहयोग करूंगा.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *