उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से बड़े हादसे की खबर है. यहां नोएडा के सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम की मौत हो गई है. चार साल का गोलू खुले पंप की होदी में गिर गया था, उसे बचाया नहीं जा सका. हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है. स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी है.
नोएडा पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में रहने वाला 4 वर्षीय फिरोज आलम उर्फ गोलू, पुत्र मुराजुद्दीन, मूल निवासी ग्राम खर्तौना, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर, झुग्गी-झोपड़ी के पास बनी पानी की होदी में गिर गया. बताया जा रहा है कि बच्चा पानी पीने के लिए गया था, तभी यह हादसा हो गया.
मुरादाबाद में नीट छात्र ने की खुदकुशी, आम के बाग में मिला शव
अस्पताल ले जाने से पहले ही हो गई थी मौत
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया है.
नोएडा में ऐसे हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है
आरोप है कि जिस होदी में बच्चा गिरा, वह लंबे समय से खुली पड़ी थी और वहां कोई सुरक्षा व्यवस्था या प्राधिकरण का कर्मचारी मौजूद नहीं था. उनका कहना है कि अगर सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो बच्चे की जान बच सकती थी. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है.
गौरतलब है कि नोएडा में पिछले कुछ महीनों के दौरान खुले गड्ढों, नालों और पानी से भरी संरचनाओं में गिरने से कई लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. सेक्टर-123 की यह घटना भी एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं.
कल से शुरू होगा यूपी विधानसभा का मानसून सत्र, सर्वदलीय बैठक आज
