पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की चर्चा जारी है. हालांकि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कुछ अनबन देखी जा सकती है. सूत्रों की मानें तो बीजेपी अपने लिए 55 सीटों की डिमांड रख रही है, लेकिन शिअद केवल 45 सीटें देने को तैयार है.
बता दें, सीट बंटवारे को लेकर दोनों ही पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत चल रही है. बीजेपी ने यह तय कर लिया है कि अगर दोनों दलों के बीच में सहमति नहीं बनती तो गठबंधन नहीं होगा. ऐसी स्थिति में बीजेपी अकेले सभी 117 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: पंजाब में BJP के ऐलान पर राजा वडिंग ने ली चुटकी, कहा- पीएम मोदी से मुलाकात के बाद भी…
BJP-SAD संभावित गठबंधन पर कांग्रेस का हमला
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के सीनियर नेता डॉ. राज कुमार वेरका ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन से पंजाब के लोगों या इन दोनों दलों क भी कोई फायदा नहीं होगा. वेरका ने कहा कि इन लोगों ने जब साल 2022 में पीएम मोदी के नाम पर चुनाव लड़ने की कोशिश की थी, तब भी इन्हें कोई खास फायदा नहीं हुआ था. साल 2024 के चुनाव में भी राम मंदिर और पीएम मोदी के नाम पर इन्होंने चुनाव लड़ा था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ था. अकाली दल का भी हाल बुरा है. अब शून्य के साथ दूसरा शून्य जोड़ोगे, तो परिणाम शून्य ही होगा.
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम
जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं. साल 2022 के फरवरी में राज्य में चुनाव हुए. 20 फरवरी 2022 को वोटिंग और फिर 10 मार्च को मतगणना के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान सरकार बनी. इसके बाद 19 मार्च तक सीएम भगवंत मान की कैबिनेट तैयार हुई.
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कुल 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, कांग्रेस की सीटें घटकर 18 हो गई थीं. साल 2022 में भी बीजेपी और शिअद ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था और दोनों दलों की मिलाकर तीन सीटें आई थीं.
यह भी पढ़ें: पंजाब: BJP का गठबंधन से इनकार, अब अकाली दल ने क्या कह दिया?
