Headlines

पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को कहा, ‘बाबू’, स्मृति सिन्हा बोलीं- ‘भोजपुरी में भी रावण हैं…’


भोजपुरी सिनेमा में पावर स्टार के नाम से मशहूर पवन सिंह अपनी पर्सनल लाइफ से भी खूब सुर्खियां बटोरते हैं. उनका अपनी पत्नी ज्योति सिंह से पहले ही कानूनी विवाद चल रहा है, इसी बीच उन्होंने अपनी एक्स और मशहूर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के लिए प्यार दिखाया है. एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अक्षरा को अपना बाबू और बेटा कहा. अब पवन के बयान पर एक्ट्रेस स्मृति सिन्हा भड़क गईं और उन्होंने पवन को जमकर खरी-खोटी सुना दी.

पत्नी को सताओ, प्रेमिका को सहलाओ

स्मृति सिन्हा ने पवन सिंह के अक्षरा सिंह पर दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए पवन पर जमकर निशाना साधा है. एक्ट्रेस ने सोमवार को शेयर किए गए इंस्टाग्राम वीडियो में बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘पत्नी को सताओ, प्रेमिका को सहलाओ और भोजपुरी के शेर कहलाओ. वाह रे पावर. कल ही दशहरा है और आप सभी को पता है कि दशहरा क्यों मनाया जाता है? प्रभु श्री राम ने रावण का वध किया था. उस रावण का जिसने अपनी पत्नी के होते हुए पराई औरतों पर गलत नजर रखी थी और न सिर्फ नजर रखी थी, उसने माता सीता का हरण किया था.’

भोजपुरी इंडस्ट्री में भी रावण है

स्मृति ने आगे कहा, ‘हमारी भोजपुरी इंडस्ट्री में भी है ना रावण. जो अपनी पत्नी के होते हुए सरेआम पराई लड़कियों का नाम ले रहे हैं, खुले मंच से ले रहे हैं, पूरी पब्लिक के बीच में ले रहे हैं. मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करूंगी कि आप लोगों के आस-पास या आप लोगों के घर में, आप लोगों के अंदर जो भी रावण है, उससे लड़ने की शक्ति मां दुर्गा आपको जरूर दें और आप भी रावण को हराकर उसका वध करके सत्य की स्थापना करें.’

मंच पर जाकर किसी को भी छेड़ देते हैं

स्मृति सिन्हा आगे पवन सिंह पर आरोप लगाते हुए कहती हैं, ‘नवरात्रि के इवेंट्स में ज्यादातर लोगों को देवी गीत गाने के लिए बुलाया जाता है, लेकिन कुछ लोग हैं जो निजी फायदे के लिए उस मंच का इस्तेमाल करते हैं. और बहुत बार ऐसा हुआ है कि मंच पर जाकर कुछ भी बोल देना, किसी को भी छेड़ देना. आम बात है उनके लिए. समझ में आई बात कि समझाऊं.’

पवन की पत्नी ज्योति सिंह ने भी कसा था तंज

इससे पहले पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी पवन सिंह पर बिना नाम लिए निशाना साधा था. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा था, ‘वाह रे राजपूताना स्वामभिमान.’ वहीं कैप्शन में ज्योति ने हंसने वाला इमोजी एड किया था.

पवन सिंह ने अक्षरा और उनके पैरेंट्स पर क्या कहा?

पवन सिंह हाल ही में मुंगेर के कल्याणपुर में एक दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने मंच से कहा, ‘अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है. उनके पिता जी हमारे भैया है. उनकी माता जी हमारी भाभी है. अक्षरा के माता-पिता को मेरे कारण अगर बुरा महसूस हुआ है, अगर गलत लगा है तो मैं उनसे माफी मांगता हूं, उन्हें प्रणाम करता हूं.’

क्या फिर साथ काम करेंगे अक्षरा सिंह और पवन सिंह?

पवन ने इवेंट में आगे कहा, ‘आपमें से कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और मेरी जोड़ी फिर से एक साथ आ जाए?’ पवन के इस सवाल पर बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अपने हाथ खड़े किए और तालियां बजाई. इसके अलावा इवेंट में वो अक्षरा के देवी गीतों पर भी परफॉर्म करते हुए नजर आए.

कई साल रिलेशन में रहे पवन और अक्षरा

पवन सिंह और अक्षरा ने एक दूसरे को कथित तौर पर कई सालों तक डेट किया था. साथ काम करने के दौरान दोनों का प्यार काफी परवान चढ़ा. हालांकि 2018 में पवन ने ज्योति सिंह से शादी करके सभी को हैरान कर दिया था. पवन के इस कदम ने अक्षरा को गहरा झटका दिया. पवन के खिलाफ कई इंटरव्यूज में अक्षरा धोखा देने जैसे गंभीर आरोप लगा चुकी हैं. दूसरी ओर पवन और ज्योति के बीच भी रिश्ते ठीक नहीं है. लंबे वक्त से दोनों का तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है. इस मामले में अगली सुनवाई 12 नवंबर 2026 को होगी.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *