- मुख्यमंत्री विजय ने पीएम मोदी से मेकेदातु बांध को मंजूरी न देने को कहा।
- तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी की सहमति के बिना बांध न बने, यह अनुरोध।
- राज्य गीत तमिल थाई वझथु को सरकारी कार्यक्रमों में गाने की अनुमति मांगी।
- केंद्र से स्पष्टीकरण मांगा कि सरकारी कार्यक्रमों में गीत जारी रखा जाए।
तमिलनाडु की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार (27 मई, 2026) को पहली बार राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने पीएम मोदी से कर्नाटक की प्रस्तावित मेकेदातु डैम प्रोजेक्ट समेत राज्य के कई मुद्दों को लेकर गंभीर चर्चा की और एक ज्ञापन भी सौंपा.
उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्र की तरफ से तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी की सहमति के बिना कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु डेम प्रोजेक्ट को मंजूरी न दी जाए. इस अनुरोध के पीछे उन्होंने तीनों राज्यों के किसानों में पैदा होने वाली चिंता को आधार बताया.
सीएम विजय ने पीएम मोदी से क्या किया अनुरोध?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा, ‘कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की तरफ से मेकेदातु डैम प्रोजेक्ट के लिए भूमि पूजा आयोजित करने की घोषणा कावेरी जल विवाद ट्रिब्यूनल के आखिरी फैसले और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है.’ उन्होंने पीएम मोदी ने यह भी अनुरोध किया कि वह केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग को यह निर्देश दें कि वे तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी की सहमति के बिना कर्नाटक के डैम प्रोजेक्ट को मंजूरी न दें.
यह भी पढे़ंः खुल्लम खुल्ला उल्लंघन: PM मोदी को CM विजय का पत्र, बोले- बंद करें कर्नाटक का मेकेदातु डैम प्रोजेक्ट
तमिल थाई वझथु को लेकर क्या बोले CM विजय?
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री विजय ने पीएम मोदी के समक्ष तमिलनाडु के राज्य गीत ‘तमिल थाई वझथु’ के सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में गाए जाने का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय से यह स्पष्टीकरण की मांग की कि राज्य के सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में तमिल थाई वझथु को गाया जाना जारी रखने की अनुमति दी जाए.
उन्होंने कहा कि पारंपरिक तौर पर तमिलनाडु के सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में राज्य गीत गाया जाता रहा है, लेकिन इस साल जनवरी महीने में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें यह कहा गया कि अब से सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम और फिर राष्ट्रगान जन गन मन गाया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः 9वीं क्लास के छात्रों के लिए तीसरी भाषा को अनिवार्य..CBSE के फैसले पर तमिलनाडु के BJP नेता ने किया विरोध
