Headlines

पीलीभीत में युवक को घर में बनाया बंधक, पीट-पीटकर हत्या, 5 पर FIR


उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मामूली विवाद के बाद एक ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि दबंगों ने 38 वर्षीय संजय कुमार उर्फ छोटेलाल को पहले चलती बाइक से खींचकर नीचे उतारा और फिर अपने घर में ले जाकर बंधक बना लिया. इसके बाद लाठी-डंडों, लात और घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की गई. हालत बिगड़ने पर जब परिवार की महिलाएं और दो नाबालिग बच्चियां उसे बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की.

पूरा मामला बरखेड़ा थाना क्षेत्र के सिसईया गांव का है. परिजनों के मुताबिक, बीती रात संजय कुमार बाइक से पड़ोस के गांव जा रहा था. इसी दौरान कन्हैयालाल के घर के सामने किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कन्हैयालाल और उसके परिवार के लोगों ने संजय को बाइक से खींचकर नीचे गिरा दिया.

मोहन भागवत के बयान को संत समाज का समर्थन, महंत रवींद्र पुरी बोले- मुसलमान हमारे भाई

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद आरोपी संजय को घसीटते हुए अपने घर के अंदर ले गए और दरवाजा बंद कर दिया. घर के अंदर उसे बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया. आरोप है कि संजय को तब तक पीटा गया, जब तक उसकी हालत बेहद गंभीर नहीं हो गई.

बचाने पहुंची भतीजी और बच्चियों से भी मारपीट

संजय की चीख-पुकार सुनकर उसकी भतीजी और परिवार की दूसरी महिलाएं उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि दबंगों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान दो नाबालिग बच्चियां भी घायल हो गईं.

हंगामा बढ़ने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह संजय को आरोपियों के घर से बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. संजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.

5 लोगों के खिलाफ FIR, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से सभी आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हैं. उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है.

वहीं, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. मृतक की बेटी खुशबू ने आरोप लगाया कि उसके पिता को बंधक बनाकर लेनदेन के विवाद में पीटा गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

UP में 2027 की तैयारी तेज, BJP की बड़ी वर्कशॉप में पहुंचेंगी स्मृति ईरानी

उन्होंने बताया कि जब परिवार के लोग संजय को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *