मानसून के मौसम में जब नदियां और नाले उफान पर होते हैं, तो प्रशासन बार-बार चेतावनी देता है कि पुल के ऊपर पानी बह रहा हो तो उसे पार करने की बेवकूफी न करें. लेकिन कुछ लोगों को अपनी जान से ज्यादा जल्दबाजी और स्टंटबाजी प्यारी होती है. सोशल मीडिया पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जहां एक गांव की नदी पर बने पुल के ऊपर पानी की तेज धार बह रही थी. सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लगी थी और लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे. तभी एक बाइक सवार को जाने क्या सूझी कि उसने बहते पानी में ही अपनी गाड़ी डाल दी.
पानी के प्रचंड बहाव ने उखाड़ फेंका
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही युवक अपनी बाइक लेकर पानी के बीच पहुंचा, नदी के खौफनाक तेज बहाव ने उसकी गाड़ी का संतुलन बिगाड़ दिया. युवक ने बाइक को संभालने और पैर टिकाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी का थपेड़ा इतना तेज था कि वह बाइक समेत सीधे उफनती नदी में गिर पड़ा और बहने लगा.
बाइक का नहीं मिला सुराग, जैसे-तैसे बची जान
वहां खड़े लोगों के सामने ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. किनारे पर खड़े लोग चिल्लाते रहे, लेकिन पानी के बहाव के आगे बाइक सवार की एक न चली. गनीमत यह रही कि थोड़ी दूर बहने के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों की मुस्तैदी से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, उसकी बेवकूफी की सजा उसकी बेचारी मोटरसाइकिल को भुगतनी पड़ी, जो नदी के तेज बहाव में कहीं पानी के अंदर गायब हो गई और उसका कुछ पता नहीं चला.
यह भी पढ़ें: हाईराइज बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए डोगेश भाई, मुश्किल से हुआ रेस्क्यू
लोगों ने लगाई फटकार
इस हादसे का वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो रहा है. लोग युवक की इस जानलेवा लापरवाही पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि “दो मिनट की जल्दबाजी और दिखावे के चक्कर में इंसान अपनी जान से हाथ धो बैठता है.” वहीं कई लोगों ने कहा कि इस तरह उफनती नदी में गाड़ी उतारना सरासर खुदकुशी करने जैसा है. वीडियो को mr.vikas.mina नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है.
यह भी पढ़ें: गजब! मंत्री जी को माला पहनाते रहे नेता जी, गले से गायब हो गई सोने की चेन
