उत्तर प्रदेश की सियासत में पीडीए की राजनीति को लेकर भाजपा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है. प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बिरादरी की राजनीति के सहारे मुख्यमंत्री बनने का अखिलेश यादव का सपना अब पूरा होने वाला नहीं है. चुनावी फायदे के लिए लगातार पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की परिभाषा बदलते रहते हैं.
मंत्री धर्मपाल सिंह ने पीडीए की अपनी राजनीतिक व्याख्या पेश करते हुए कहा- पी यानी पहली बार 2017 में पीडीए ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया, डी यानी दूसरी बार 2022 में भी पीडीए ने भाजपा को सत्ता सौंपी और ए यानी अगली बार 2027 में भी पीडीए प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएगा.
यह भी पढ़ें: UP में मरीजों से AI Voice Bot लेगा इलाज का फीडबैक, योगी सरकार का बड़ा कदम
नौकरियों से घबराए अखिलेश
राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कहा कि योगी सरकार में युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरियों और रोजगार से अखिलेश यादव घबरा गए हैं. उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में पुलिस भर्ती में अनियमितताओं के आरोपों पर 14 आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी. वहीं, 2012 की अखिलेश सरकार में यूपी पीएससी की परीक्षाओं में नकल के आरोप लगे। बृजलाल ने आरोप लगाया कि सपा शासन में भ्रष्टाचार और बंदरबांट चरम पर था.
जेपीएनआईसी को पीपीपी मॉडल पर 30 साल की लीज पर दिया गया
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जेपीएनआईसी को लेकर अखिलेश यादव को घेरा. उन्होंने कहा कि करीब 200 करोड़ रुपये की परियोजना की लागत बढ़कर 865 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, फिर भी काम पूरा नहीं हुआ. ट्रस्ट में सपा परिवार के कई लोगों को शामिल किया गया था. सरकार ने ट्रस्ट को भंग कर जेपीएनआईसी को एलडीए के अधीन किया और अब इसे पीपीपी मॉडल पर 30 साल की लीज पर दिया गया है. अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर भी हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश हमेशा लाश पर राजनीति करते हैं.
सत्ता में रहते कुछ जातियां, बाहर आते ही पूरा समाज याद
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने जेपीएनआईसी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित प्राधिकरण संवैधानिक संस्था है और उसके अधीन ही काम हो रहा है. अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहते समय कुछ जातियां ही दिखाई देती हैं, जबकि सत्ता से बाहर होते ही सभी वर्गों को साधने की कोशिश शुरू हो जाती है. योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश एक्सप्रेसवे समेत विकास के कई नए आयाम गढ़ रहा है.
अखिलेश को सरकार का हर काम खराब दिखता है
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव को सरकार का हर काम खराब नजर आता है, सपा अध्यक्ष जातिगत विद्वेष की राजनीति को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और भाजपा आगामी चुनाव में फिर सरकार बनाएगी।.
सरकारी पैसे से बनी इमारत को निजी बताने की कोशिश
भाजपा नेता व पूर्व विधायक संगीत सोम ने जेपीएनआईसी विवाद को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी धन से बनी इमारत को निजी संपत्ति की तरह पेश किया जा रहा है. सैफई में हुए निर्माण कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जेपीएनआईसी भी सरकारी धन से बनी है। भ्रष्टाचार की परतें खुलने के डर से अखिलेश यादव इसका विरोध कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: नोएडा में पिता ने 5 साल के बेटे को मारा मुक्का, बच्चे ने तोड़ा दम
