Headlines

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पप्पू यादव का तेजस्वी यादव पर निशाना, कहा- ‘पहले जो नेता…’


बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच जारी है. इस बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने रविवार (26 जुलाई) को भरत तिवारी के परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने परिवार का हालचाल जाना, आर्थिक सहायता का भरोसा दिया और न्याय की लड़ाई में साथ रहने का वादा किया. हालांकि उनकी पूरी बातचीत के दौरान सबसे अधिक चर्चा उस समय हुई, जब उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी भूमिका पर सवाल खड़े किए.

सांसद पप्पू यादव ने कहा, ”भरत तिवारी का मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे बिहार में न्याय और कानून व्यवस्था से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है. इतने दिनों के बाद भी दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और पीड़ित परिवार आज भी न्याय का इंतजार कर रहा है. परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है और लगातार भय के माहौल में जी रहा है.”

भरत तिवारी मामले में विपक्ष आखिर सक्रिय क्यों नहीं- पप्पू यादव

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने आगे कहा, ”जो नेता पहले 24 घंटे का अल्टीमेटम देने की बात करते थे, वे अब इस मामले में पूरी तरह खामोश हैं. जब छात्र आंदोलन चल रहा था, सैकड़ों छात्र जेल गए और कई लोग घायल हुए, तब विपक्ष को मजबूती से आवाज उठानी चाहिए थी.” उन्होंने सवाल किया कि भरत तिवारी मामले में विपक्ष आखिर सक्रिय क्यों नहीं दिख रहा है?”.

सिर्फ बयान देने से न्याय नहीं मिलेगा- पप्पू यादव

पप्पू यादव ने ये भी कहा कि अगर किसी राजनीतिक दल को सरकार की आलोचना करने का अधिकार है, तो विपक्ष की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहे. उन्होंने कहा, ”सिर्फ बयान देने से न्याय नहीं मिलेगा, बल्कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.” उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जिन पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई के आरोप हैं, उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल कराकर मामले का निष्पक्ष निष्पादन किया जाए.

जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक भी जाएंगे- पप्पू यादव

पूर्णिया सांसद ने कहा, ”भरत तिवारी का मुद्दा अब केवल भोजपुर या बिहार तक सीमित नहीं रह गया है. देश के विभिन्न राज्यों में लोग इस मामले के बारे में पूछ रहे हैं. यदि राज्य में न्याय नहीं मिला तो वह इस मामले को लोकसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक भी जाएंगे. मेरा संकल्प है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे.”

‘भरत तिवारी की विचारधारा को आगे कर जरूरतमंदों की मदद करें’

परिवार की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि भरत तिवारी जिन गरीब परिवारों की मदद करते थे, आज वो कठिन परिस्थितियों में हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई परिवार भोजन के लिए परेशान हैं और कुछ बच्चों तक को पर्याप्त सहायता नहीं मिल पा रही है. उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से भी अपील की कि भरत तिवारी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंदों की मदद करें.

भरत तिवारी के परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा

उन्होंने यह भी कहा कि भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक रूप से कमजोर नहीं होने दिया जाएगा. परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा देते हुए कहा, ”यदि किसी भी तरह की परेशानी हो तो उन्हें तुरंत सूचना दी जाए.” उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए.

‘उम्मीद है सरकार भरत तिवारी मामले में न्याय सुनिश्चित करेगी’

बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता दोहराते हुए कहा, ”दोषी चाहे किसी भी पद पर हों, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उम्मीद है कि सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी और पीड़ित परिवार को उचित राहत मिलेगी.”

पूर्णिया सांसद ने अंत में कहा कि भरत तिवारी का मामला न्याय की लड़ाई का प्रतीक बन चुका है और इसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वे इस मुद्दे को संसद से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक उठाएंगे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *