गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है. वहीं, इस जहरीली शराब की चपेट में आए 18 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं.
भावनगर के कलेक्टर डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि अब तक कुल 22 लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं. इनमें से 4 लोगों की मौत हो चुकी है और 18 लोगों का इलाज चल रहा है.
उन्होंने बताया कि इलाज करा रहे मरीजों में 2 की हालत गंभीर है. 4 मरीज ICU में भर्ती हैं, जबकि 2 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है. वहीं, 10 मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
माइक्रोन के सेमीकंडक्टर प्लांट को 48 घंटे साप्ताहिक कार्य सीमा के साथ 12 घंटे की शिफ्ट की मंजूरी
अहमदाबाद से आएंगे नेफ्रोलॉजिस्ट
मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद से नेफ्रोलॉजिस्ट की टीम भी भावनगर पहुंचेगी. डॉक्टरों की निगरानी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है. जहरीली शराब में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा है.
शराब तस्करी के मामले में 4 गिरफ्तार
कलेक्टर के मुताबिक, मामले में अब तक 4 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गौतम सोलंकी नाम का आरोपी मध्य प्रदेश के उज्जैन से रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब लेकर आया था. आरोप है कि शराब में मिथेनॉल मिलाकर इसे लोगों को बेचा गया.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मिथेनॉल मिली शराब पीने की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी और मौतें हुईं. हालांकि, मौत की सही वजह और शराब में किस तरह मिलावट की गई, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.
गुजरात पुलिस ने साइबर ठग को उसी के जाल में फंसाकर किया गिरफ्तार
सरकार ने दिए जांच के आदेश
शराबबंदी वाले गुजरात में हुई इस घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है. उपमुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. स्टेट मॉनिटरिंग सेल और स्थानीय पुलिस मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब कहां तैयार की गई और इसे कितने लोगों तक पहुंचाया गया.
Input By : गुजरात असाइनमेंट
