उत्तर प्रदेश के महोबा में अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर हुए जानलेवा हमले को लेकर वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. वारदात के तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित जिला अधिवक्ता समिति के नेतृत्व में सैकड़ों वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया.
वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सदर तहसील का घेराव किया और एसडीएम से मांग करते हुए आरोपियों को नेताओं का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की गई.
सतीश अवस्थी पर हुआ था जानलेवा हमला
महोबा के शहर कोतवाली इलाके के बारात पहाड़ी गांव के पास तीन दिन पहले अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर एक जानलेवा हमला हुआ था. इस वारदात ने पूरे जिले के हिलाकर रख दिया है. लेकिन दुख की बात यह है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. इसी ढुलमुल रवैये के खिलाफ महोबा जिला अधिवक्ता समिति के बैनर तले वकील आज सड़कों पर उतर आए.
यह भी पढ़ें: अयोध्या चंदा चोरी केस में SIT की जांच तेज, आरोपी अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर कार बरामद
नाराज अधिवक्ताओं ने पूरी तरह से न्यायिक कार्य ठप कर दिया और कचहरी परिसर से पैदल मार्च निकालते हुए सदर तहसील जा पहुंचे. वहां वकीलों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पूरी तहसील को घेर लिया. वकीलों का सीधा आरोप है कि हमलावर बदमाशों को नेताओं का पूरा संरक्षण मिला हुआ है, और इसी राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस प्रशासन चाहकर भी आरोपियों पर हाथ डालने से कतरा रहा है.
गिरफ्तारी न होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा
जिला अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष बालेंद्र पाराशर और ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वकीलों की हड़ताल और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा. वकीलों का कहना है कि जब इस सिस्टम में खुद कानून के रखवाले यानी वकील ही सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, तो आम जनता का क्या हाल होता होगा. वकीलों ने ऐलान किया है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कल वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में धरना देंगे.
अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा
वहीं दूसरी ओर वकीलों के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर शिवध्यान पाण्डेय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए वकीलों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे.
