‘शार्क टैंक’ में बतौर जज नजर आने वाली नमिता थापर इन दिनों काफी चर्चा में हैं. वह किसी शो को लेकर नहीं बल्कि नमाज के फायदे बताने की वजह से सुर्खियों में आ गई हैं. नमाज के फायदे बताने की वजह से लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया, जिसके बाद अब उन्होंने सोशल मीडिया पर रोते हुए मामले पर सफाई दी. नमिता ने आलोचनाओं और बुरे व्यवहार को लेकर चुप्पी तोड़ी और कहा कि उन्हें और उनकी मां को गालियां दी गई.
नमिता थापर ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, नमिता थापर इंस्टाग्राम पर लाइव आईं और इस दौरान उन्होंने खुलकर पुरे मामले पर बात रखी और कहा, ‘पिछले 3 हफ्तों से मुझ पर लोग भद्दा कमेंट कर रहे हैं और मेरी प्यारी मां को भी गालियां दी जा रही है. सिर्फ इसलिए कि मैंने नमाज से हेल्थ पर होने वाले फायदे पर वीडियो बनाया. मैं हेल्थ केयर प्रोफेशनल हूं. मैंने इतने सारे हिंदू धर्म पर रील्स बनाई है. हर योगा दिन पर वीडियो बनाए हैं. स्पेशली हर दिन सूर्य नमस्कार के रील्स बनाती हूं. तब तो किसी ने कुछ नहीं बोला.’
नमिता ने खुद को बताया गौरान्वित हिंदू
नमिता आगे कहती हैं, ‘हमारा धर्म, हमारा सम्मान. क्या यही सम्मान है स्पेशली महिलाओं के प्रति? महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ तो सब बोलते हैं. लेकिन जब दो महिलाओं का ऐसा अपमान होता है तो फिर चुप्पी क्यों? मैंने बहुत कुछ सीखा है, आपके लिए कोई नहीं बोलेगा. आपको अपने लिए खुद बोलना पड़ेगा. ट्रोल्स आप कुछ भी बोलते रहिए. लेकिन याद रखना मैं एक गौरान्वित हिंदू हूं और हिंदू धर्म की एक मान्यता है कि कर्म प्रधान है और वो हिट बैक करता है तो जो करना है करते रहिए. भगवान सब देख रहे हैं. विश्वास कीजिए, धर्म का मतलब होता है सम्मान, महिलाओं का सम्मान. नेगेटिव रील्स जल्दी वायरल हो जाती है. अब इसे वायरल करके दिखाओ.’
यह भी पढ़ें: OTT पर छाई 9 साल पुरानी फिल्म, 5 मिलियन व्यूज के साथ मचा रही धमाल, जानें कहां हो रही स्ट्रीम
क्या है पूरा मामला?
बहरहाल, अगर नमिता थापर से जुड़े इस विवाद के बारे में बात की जाए तो उनसे जुड़ी यह कॉन्ट्रोवर्सी एक पुराने वीडियो को लेकर है, जिसमें उन्होंने नमाज से होने वाले शारीरिक फायदे बताए थे. नमिता ने इसे पूरे शरीर के लिए बेहतरीन योगा बताया था. उनका मानना था कि इससे शरीर के लचीलेपन में सुधार होता है और जोड़ों-घुटनों के लिए अच्छा होता है. इतना ही नहीं, नमिता ने ये भी बताया था कि नमाज के दौरान किए जाने वाले वज्रासन से पाचन क्रिया में सहायता मिलती है. इसकी मुद्रा भी मानसिक शांति प्रदान करती है.
