Headlines

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त, BJP के कई दिग्गजों को झटका


राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए हुए मतदान के वोटों की गिनती शुक्रवार को जारी है और इसमें कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर बढ़त बनाई हुई है. वहीं बीजेपी के कई दिग्गजों को करारा झटका लगा है.

पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में सीकर में शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दो बेटों को हार का सामना करना पड़ा. अधिकारियों ने बताया कि मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हुई. अपराह्न 3.30 बजे तक पंचायत समिति के कुल 7543 सदस्यों में से 6426 के परिणाम घोषित हुए. इनमें से कांग्रेस ने 3191 सीटें जीती जबकि भाजपा के खाते में 1909 सीटें गईं.

पंचायत चुनावों में इन दलों ने मारी बाजी

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 445 सीटें, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 50, बहुजन समाज पार्टी ने 47 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 241 सीटें जीती हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने 541 सीटों पर जीत हासिल की है. जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव में अपराह्न 3.30 बजे तक घोषित 275 नतीजों में से कांग्रेस ने 167 और भाजपा ने 93 सीटें जीती हैं. माकपा ने पांच, आरएलपी ने चार व निर्दलीय उम्मीदवारों ने पांच सीटें जीतीं.

सीकर में मंत्री खर्रा की पत्नी शांति देवी और बेटे अजय सिंह को पंचायत समिति चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. दोनों ने क्रमशः वार्ड 17 और 20 से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था. खर्रा के दूसरे बेटे दुर्गा सिंह ने वार्ड 19 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा.

चूरू में बीजेपी नेता के बेटे-बहू की जीत

वहीं, चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने जिला परिषद चुनाव जीता. पराक्रम सिंह ने वार्ड 39 से 17,861 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि उनकी पत्नी कनिका सिंह ने वार्ड 23 से 2,384 मतों से जीत हासिल की.

राज्य के 41 में से 37 जिलों में पंचायत समिति के 7543 सदस्यों और जिला परिषद के 1275 सदस्यों के लिए हुए चुनाव की मतगणना चल रही है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 सदस्य पदों के लिए 4,069 उम्मीदवार मैदान में थे जबकि 419 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाले 7,543 पंचायत समिति वार्डों के लिए 25,108 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे.

चार चरणों में हुआ था मतदान

इन पदों के लिए 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और 14 नवंबर को हुए चार चरणों के चुनाव में 41,480 मतदान केंद्रों पर 2.48 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले. उल्लेखनीय है कि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मतगणना हो रही है.

इन चार जिलों में मतगणना को 17 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है. नवनिर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्य बाद में अपने-अपने निकायों के प्रमुखों का चुनाव करेंगे.

जिला परिषद प्रमुखों के चुनाव 25 नवंबर को और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 26 नवंबर को होने हैं. पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को और उप-प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को होगा. जिन चार जिलों में मतगणना टाल दी गई है, वहां जिला प्रमुखों और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव क्रमशः 22 और 23 दिसंबर को होंगे, जबकि प्रधानों और उप-प्रधानों का चुनाव 24 और 25 दिसंबर को होगा.

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP की करारी हार, आशुतोष रांका बोले- ‘सुधार जाओ वरना…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *