VVS Laxman and Gautam Gambhir Comparison: वीवीएस लक्ष्मण भारत के साथ जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए हेड कोच बनकर गए थे. उनकी कोचिंग में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 3-0 से जीत हासिल की. इससे पहले भारतीय टीम ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर नियमित हेड कोच गौतम गंभीर के अंडर में टी20 सीरीज खेली थी. दोनों ही सीरीज में टीम को हार का सामना करना पड़ा था.
गंभीर की कोचिंग में हार और लक्ष्मण की कोचिंग में भारत की जीत के बाद कई सवाल उठने लगे हैं. गंभीर की जमकर आलोचना हो रही है. इसी बीच आइए जानते हैं कि गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण में हेड कोच के रूप में किसका रिकॉर्ड ज्यादा बेहतर है.
टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में गौतम गंभीर का रिकॉर्ड
9 जुलाई 2026 को गौतम गंभीर ने टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में 2 साल पूरे कर लिए थे. इन 2 सालों में उन्होंने बहुत उतार-चढ़ाव देखे. गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, लेकिन कई ऐतिहासिक सीरीज में टीम इंडिया को हार का भी सामना करना पड़ा.
गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया की हार
न्यूजीलैंड ने भारत में 0-3 से व्हाइटवॉश किया (2024)
भारत ने 1-3 से 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाई
टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंची (2025)
टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज गंवाई (2025), रनों से लिहाज से सबसे बड़ी हार (408 रन)
27 साल के बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाई (2024)
आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में पहली हार (2026)
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाई (2026)
गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया की कुछ बड़ी जीत
2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता
2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता
एशिया कप 2025 का खिताब जीता
बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज जीती
गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने करीब 95 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 59 में जीत मिली, 29 में हार का सामना किया और 5 ड्रॉ/बेनतीजा रहे. इसके साथ जीत प्रतिशत करीब 62.11% का है.
भारत के हेड कोच के रूप में वीवीएस लक्ष्मण का रिकॉर्ड
2022 में आयरलैंड के खिलाफ- 2-0 से जीत
2022 में जिम्बाब्वे के खिलाफ- 3-0 से जीत
2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ- 1-0 से जीत
2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ- 0-1 से हार
2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ- 4-1 से जीत
2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ – 3-1 से जीत
2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ – 3-0 से जीत
इन द्विपक्षीय सीरीज के अलावा लक्ष्मण की कोचिंग में टीम इंडिया ने 2023 एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीता. 2022 के एशिया कप में लक्ष्मण की कोचिंग में टीम इंडिया को सुपर-4 से बाहर होना पड़ा.
लक्ष्मण की कोचिंग में टीम इंडिया ने अब तक करीब 23 मैच खेल लिए हैं. इन मैचों में टीम को 18 में जीत मिली, 4 में हार का सामना किया और 1 बेनतीजा रहा. जीत प्रतिशत करीब 78.3% का है.
जीत प्रतिशत के लिहाज से लक्ष्मण का रिकॉर्ड अच्छा नजर आता है, लेकिन उनकी कोचिंग में टीम इंडिया ने मैच भी कम खेले हैं. गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ज्यादा मैच खेल चुकी है.
यह भी पढ़ें: ‘ODI में रोहित के साथ ओपनिंग करें वैभव सूर्यवंशी’, पूर्व दिग्गज की मांग
