पंजाबी सिंगर और ‘बिग बॉस 15’ की एक्स कंटेस्टेंट अफसाना खान हाल ही में कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ के घर गणपति सेलिब्रेशन में शामिल हुईं थीं. इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं इन सबके बीच मुस्लिम होने के बावजूद हिंदू त्योहार में शामिल होने के लिए कुछ लोगों द्वारा अफसाना खान को अब ट्रोल किया जा रहा है.
गणपति सेलिब्रेशन में शामिल हुई थीं अफसाना
बता दें कि अफसाना खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर की है जिसमें वे कपिल शर्मा के घर गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन को एंजॉय करती हुई दिख रही हैं. . एक तस्वीर में, वह भगवान गणेश की खूबसूरती से सजी मूर्ति के सामने बैठी हुई दिख रही हैं और उनके साथ उनके पति, सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर साज भी हैं. इस कपल को कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ के साथ पोज देते हुए देखा जा सकता है.
वीडियो में अफसाना खान सिंगर मिका के साथ भी दिख रही हैं. जहां मिका ढोलक बजा रहे हैं तो वहीं अफसाना चम्मच से ताल दे रही हैं. वीडियो में अफसाना मेहमानों के साथ भी फोटो क्लिक कराती दिख रही हैं.
वहीं अफसाना खान ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ गणपति बप्पा मोरया! गणपति बप्पा सभी के जीवन में ढेर सारी खुशियाँ, प्यार और सुख-समृद्धि लेकर आएं. हर घर में खुशहाली रहे, सभी स्वस्थ और तंदुरुस्त रहें और बप्पा का आशीर्वाद हमेशा सब पर बना रहे. गणपति बप्पा के आशीर्वाद से आज का दिन और भी खास बन गया. कपिल पाजी और गिन्नी भाभी के घर गणेश चतुर्थी पर बहुत प्यार, खुशियाँ और खूब सारी मस्ती हुई. और मिक्का पाजी के घर गणपति बप्पा के दर्शन करके दिल बहुत खुश हो गया. बहुत खूबसूरत शाम, बहुत सारी यादें और अपनों के साथ बिताया एक प्यारा दिन.”
अफसाना खान हुईं ट्रोल
जहां कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने सिंगर पर प्यार और दुआओं की बारिश की, वहीं कुछ यूज़र्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर उन्हें निशाना बनाया, पोस्ट पर दिखे कुछ कमेंट्स में लिखा था, “शर्म आनी चाहिए तुम्हें”, “पहले तो वह पाप करती है और फिर भगवान की पूजा-अर्चना करती है.” एक और कमेंट में लिखा था, “बब्बू मान ने सच कहा था. उसने शोहरत के लिए अपना धर्म छोड़ दिया.”
वहीं, कुछ यूज़र्स अफ़साना के बचाव में आए और लोगों से उन्हें ट्रोल न करने को कहा. एक कमेंट करने वाले ने लिखा, “दोस्तों, उन्हें ट्रोल मत करो. हर किसी से गलती होती है. अब वह ऐसा नहीं करतीं, तो इस बात को क्यों घसीटा जा रहा है? बस सिद्धू पाजी के लिए इसे जाने दो. “
ये भी पढ़ें:-मंडे को ‘मिर्जापुर द मूवी’ पर भी भारी पड़ी ‘हनुमान अंश’, ‘हैवान’ ने तोड़ा दम, जानें- कलेक्शन
कई बार ट्रोल हो चुकी हैं अफसाना खान
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब हिंदू धार्मिक परंपराओं में हिस्सा लेने के लिए अफसाना की आलोचना हुई हो. इस साल अगस्त में, सावन के पवित्र महीने के दौरान, उन्होंने अपने पति साज के साथ शिवलिंग का रुद्राभिषेक करते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे. उन्होंने यह भावना भी ज़ाहिर की थी, “मेरी ताकत मेरे महादेव हैं.” इस पोस्ट पर लोगों ने तारीफ भी की और कई ने उन्हें बुरी तरह ट्रोल भी किया था.
अफसाना खान वर्क फ्रंट
अफसाना खान एक मशहूर पंजाबी सिंगर, सॉन्गराइटर और प्लेबैक सिंगर हैं. उन्होंने 2012 में ‘वॉयस ऑफ पंजाब’ सीजन 3 से अपने सिंगिंग सफर की शुरुआत की थी और बाद में ‘राइजिंग स्टार’ सीजन 1 में हिस्सा लिया. उन्हें ‘धक्का’, ‘जानी वे जानी’ और सबसे ज़्यादा ‘तितलियां वर्गा’ जैसे गानों से काफी पॉपुलैरिटी मिली थी. ‘तितलियां वर्गा’ 2020 में बहुत बड़ा हिट साबित हुआ था,
इसके बाद, 2021 में उन्होंने ‘बिग बॉस 15’ के जरिए हिंदी टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा था, जहां अपने बेबाक अंदाज और कुछ विवादों की वजह से वह उस सीजन की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली कंटेस्टेंट बन गई थीं.
ये भी पढ़ें:-‘मेरे पास छुपाने के लिए कुछ नहीं’, दिशा सालियान मामले में आरोपों पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी
