पॉपुलर एक्टर सिद्धार्थ निगम अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं. ‘किसी का भाई किसी की जान’ फेम सिद्धार्थ एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या सीरीज नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है. दरअसल, सिद्धार्थ निगम ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है.
सिद्धार्थ निगम ने गर्लफ्रेंड संग शेयर की रोमांटिक फोटो
सिद्धार्थ निगम ने आखिरकार अपनी गर्लफ्रेंड का नाम और चेहरा रिवील कर दिया है. एक्टर की गर्लफ्रेंड का नाम रिया ठक्कर है, जो एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. सिद्धार्थ ने देर रात इंस्टाग्राम पर रिया के साथ एक रोमांटिक तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों साथ में काफी खुश नजर आ रहे हैं. दोनों की प्यारी केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है.
दो अजनबी और दो अलग-अलग जिंदगियां…
इतना ही नहीं, सिद्धार्थ ने अपनी लव स्टोरी से भी पर्दा उठाया है. एक्टर ने बताया कि रिया के साथ उनकी मुलाकात कब और कैसे हुई और उन्होंने इतने समय तक अपने रिश्ते को दुनिया से क्यों छिपाकर रखा. उन्होंने लिखा, ‘2024, दो अजनबी, दो अलग-अलग जिंदगियां और एक ऐसी मुलाकात, जिसके बारे में हम दोनों में से किसी ने नहीं सोचा था कि ये हमारी कहानी का इतना खूबसूरत हिस्सा बन जाएगी. न कोई प्लान था, न कोई स्क्रिप्ट. हम बस एक-दूसरे से मिले और फिर कब आम दिनों, शांत बातचीत, हंसी-मजाक और उन तमाम छोटी-बड़ी बातों के बीच हमारे बीच प्यार पनपने लगा, पता ही नहीं चला.’
सिद्धार्थ निगम ने लिखा इमोशनल नोट
उन्होंने आगे लिखा, ‘काफी समय तक ये सिर्फ हमारा था. एक ऐसा रिश्ता, जिसे हमने चुपचाप जिया, संजोया और उसे उसी तरह आगे बढ़ने दिया, जिस तरह उसे बढ़ना था. और कभी-कभी, जब कोई चीज आपकी जिंदगी में इतना प्यार, सुकून और मायने लेकर आती है, तो मन करता है कि उस रोशनी का थोड़ा सा हिस्सा दुनिया के साथ भी बांटा जाए. तो आज हम यहां हैं. हमारी जिंदगी के उस खूबसूरत हिस्से की एक छोटी सी झलक, जो हमारे लिए बहुत मायने रखता है. किसी तरह हम एक-दूसरे से मिल गए और इसके लिए हम हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे.’
ऐसा रहा सिद्धार्थ निगम का करियर
सिद्धार्थ निगम ने बहुत कम उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था. साल 2013 में उन्होंने फिल्म ‘धूम 3’ से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट डेब्यू किया. इसके बाद टीवी शो ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ में यंग अशोक का किरदार निभाकर सिद्धार्थ घर-घर में पहचान बनाने में कामयाब रहे.
आगे उन्होंने ‘चंद्र नंदिनी’ और ‘अलादीन: नाम तो सुना होगा’ जैसे टीवी शोज में काम किया. टीवी के साथ-साथ सिद्धार्थ निगम फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं. वो सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ का हिस्सा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:-‘धमाल 4’ से ‘GDN’ तक, फ्राइडे को ओटीटी पर रिलीज हुई ये 8 धांसू फिल्में-सीरीज, वीकेंड पर करें बिंज वॉच
