एक्टर और यूट्यूबर हर्षवर्धन बेनीवाल के साथ कथित मारपीट, कपड़े फाड़ने और निजी अंगों का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के मामले में एक्टर एजाज खान आज महाराष्ट्र साइबर सेल के कार्यालय पहुंचे. महाराष्ट्र साइबर सेल ने इस मामले में पूछताछ के लिए एजाज खान को बुलाया था.
एजाज खान अपने वकील अली काशिफ खान देशमुख के साथ अपना बयान दर्ज करवाने के लिए कार्यालय पहुंचे.
इन्फिनिटी मॉल में मारपीट का आरोप
हर्षवर्धन बेनीवाल की शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त प्रेम मिस्त्री के साथ मुंबई के जोगेश्वरी पश्चिम स्थित इन्फिनिटी मॉल में फिल्म निर्माता अरुणाभ कुमार की फिल्म ‘वन’ के प्रीमियर में शामिल होने पहुंचे थे.
शिकायत के अनुसार, रात करीब 8:45 बजे जब हर्षवर्धन अपने दोस्त से बातचीत कर रहे थे, तभी एजाज खान अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एजाज खान और उनके साथियों ने हर्षवर्धन को घेर लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.
बहन के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर विवाद
हर्षवर्धन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एजाज खान ने उनकी बहन के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था. इसके बाद उन्होंने दिल्ली की अदालत में एजाज खान के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. शिकायतकर्ता का दावा है कि इसी बात को लेकर एजाज खान उनसे नाराज थे और इसी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की गई.
कपड़े फाड़ने और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने हर्षवर्धन के कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उनका गला दबाया. आरोप है कि इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया और उन्हें अपमानित करने के साथ वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई. शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें कानूनी रास्ता अपनाने को लेकर भी धमकाया.
घटना के दौरान वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड और हर्षवर्धन के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी. शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
मेडिकल जांच में कान का पर्दा फटने की बात सामने आने का दावा
हर्षवर्धन की शिकायत के अनुसार, घटना के बाद उन्होंने हिंदुजा अस्पताल में जांच कराई. इसके बाद नई दिल्ली के मायोम अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में उनके बाएं कान का पर्दा फटने की बात सामने आई.
इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद अब महाराष्ट्र साइबर सेल ने एजाज खान को पूछताछ के लिए बुलाया है. एजाज खान अपने वकील अली काशिफ खान देशमुख के साथ बयान दर्ज करवाने के लिए कार्यालय पहुंचे हैं. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है.
