अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी क्रिप्टोकरेंसी से हुई कमाई को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि इस समय सिर्फ वही नहीं बल्कि ‘हर कोई मुनाफा कमा रहा है.’ ट्रंप का कहना है कि उनकी निजी संपत्तियों का प्रबंधन ब्लाइंड ट्रस्ट के जरिए होता है और वह खुद अपने निवेश से जुड़े फैसलों में कोई दखल नहीं देते. हालांकि, उनकी क्रिप्टो गतिविधियों और राष्ट्रपति रहते हुए इस सेक्टर को मिली राहत को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है.
ट्रंप ने क्या कहा?
बुधवार को कतर की ओर से अमेरिका को उपहार में दिए गए नए एयर फोर्स वन विमान से अपनी पहली उड़ान पर रवाना होने से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत की. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल अपनी संपत्ति बढ़ाने के लिए कर रहे हैं, तो उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया. ट्रंप ने कहा, ‘मैं इसलिए मुनाफा कमा रहा हूं क्योंकि शेयर बाजार ऊपर जा रहा है. हर कोई मुनाफा कमा रहा है.’ उन्होंने यह भी कहा कि उनकी संपत्तियां ब्लाइंड ट्रस्ट में रखी गई हैं, इसलिए वह अपने निजी निवेश या पैसों के प्रबंधन में शामिल नहीं रहते.
ब्लाइंड ट्रस्ट का दिया हवाला
ट्रंप ने कहा, ‘मेरे पैसों का प्रबंधन फंड मैनेजर करते हैं. मैंने राष्ट्रपति बनने से पहले ही काफी पैसा कमाया था. वे मेरे पैसे निवेश करते हैं और मैं उनसे इस बारे में कोई बात नहीं करता.’ उनका कहना था कि उनकी आर्थिक सफलता राजनीति की वजह से नहीं, बल्कि उनके लंबे कारोबारी करियर की बदौलत है.
यह भी पढ़ें: जिनपिंग को ‘दोस्त’ बताने वाले ट्रंप ने किस बात पर दिया चीन को अल्टीमेटम, बोले- ‘अगर नजर डाली तो…’
क्रिप्टो से हुई बड़ी कमाई
अमेरिकी ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स की ओर से जारी वित्तीय खुलासों के मुताबिक, साल 2025 में ट्रंप को स्टार्टअप World Liberty Financial (WLF) से जुड़े संबंधों के जरिए करीब 55 करोड़ डॉलर (लगभग 550 मिलियन डॉलर) की आय हुई. इसके अलावा, दस्तावेजों में यह भी बताया गया है कि जनवरी 2025 में उनके शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले लॉन्च की गई $TRUMP क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े लाइसेंसिंग समझौते के तहत उन्हें करीब 63.5 करोड़ डॉलर (635 मिलियन डॉलर) की रॉयल्टी मिली.
World Liberty Financial क्या है?
World Liberty Financial (WLF) की शुरुआत सितंबर 2024 में हुई थी. इसे ट्रंप के बेटों और उनके मिडिल ईस्ट विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बेटे ने मिलकर शुरू किया था. इसी कंपनी और उससे जुड़े क्रिप्टो कारोबार ने ट्रंप की संपत्ति में सबसे बड़ा इजाफा किया है.
यह भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तान के खूनी खेल के बाद अब गिरफ्तारियां, अवामी एक्शन कमेटी के नेता गिरफ्तार, 60 हजार लोग अब भी डटे
ट्रंप की संपत्ति में बड़ा उछाल
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की निजी संपत्ति 2024 में करीब 2.3 अरब डॉलर थी, जो 2026 तक बढ़कर लगभग 6.5 अरब डॉलर पहुंच गई. यानी दो साल में उनकी कुल संपत्ति लगभग तीन गुना हो गई और इसकी सबसे बड़ी वजह क्रिप्टो कारोबार से हुई कमाई बताई जा रही है.
सरकार की नीतियों पर भी उठे सवाल
राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप प्रशासन ने क्रिप्टो सेक्टर के लिए कई नियमों में ढील दी, जिससे इस क्षेत्र में निवेश बढ़ा और डिजिटल एसेट्स की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली. आलोचकों का कहना है कि ट्रंप की नीतियों से उनके अपने कारोबारी हितों को फायदा पहुंचा है. हालांकि, व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप ने अमेरिका को ‘दुनिया की क्रिप्टो राजधानी’ बनाने की दिशा में काम किया है.
