Headlines

दिल्ली में आग का तांडव, साकेत-गांधी नगर से करोल बाग तक मची तबाही


राजधानी दिल्ली में 24 घंटों के भीतर आग लगने की तीन बड़ी घटनाओं ने खूब तबाही मचाई. इन आग पर जहाँ एक तरफ दमकल को काबू पाने में कड़ी मशक्कत के साथ चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा तो वहीं दूसरी तरफ इन हादसों में करोड़ों के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है. हालांकि, अब तक इन घटनाओं में किसी के मौत की सूचना तो नहीं है, लेकिन सात लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. 

बात करें एक के बाद एक हुई आगजनी की घटनाओं की तो, साकेत में KIA कार शोरूम आग की चपेट में आ गया, वहीं गांधी नगर और करोल बाग के व्यावसायिक इलाकों में भी भीषण आग ने भारी नुकसान पहुंचाया. 

यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़, किए गए ये खास इंतजाम

साकेत में कार शोरूम बना आग का गोला

पहली घटना शुक्रवार शाम दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के सामने की है, जहां स्थित KIA कार शोरूम में अचानक आग लग गई. शाम 3:45 बजे फायर कंट्रोल रूम को इसकी सूचना मिली. शुरुआत में आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए बाद में आग को मेक-4 श्रेणी में रखा गया और दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई. मौके पर असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर सरबजीत और स्टेशन ऑफिसर मुकुल भारद्वाज भी अपनी टीम के साथ पहुंचे.

दमकल अधिकारी राजेंद्र अटवाल के मुताबिक, शाम 6:20 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान शोरूम के भीतर फंसे लोगों को निकालना सबसे बड़ी चुनौती थी. जिला मजिस्ट्रेट लक्ष्य सिंघल ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान के दौरान कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया. इनमें से सात लोग घायल हुए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. चार घायलों को मैक्स हॉस्पिटल और तीन को मदन मोहन मालवीय अस्पताल भेजा गया. घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. 

सीढ़ियां लगाकर निकाले गए फंसे लोग, फायरमैन भी घायल हुआ

आग बुझाने के साथ ही दमकलकर्मियों ने इमारत के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया. असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर राजेश शुक्ला के मुताबिक, इमारत के ऊपरी हिस्से में फंसे कई लोगों को सीढ़ी (लेडर) की मदद से बाहर निकाला गया. कुछ लोगों को शोरूम के पिछले हिस्से से सुरक्षित निकाला गया. बेसमेंट में भी शोरूम का कार्यालय था. दमकल टीम ने वहां पहुंचकर तलाशी ली, लेकिन कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं मिला. इस पूरे अभियान के दौरान एक लीडिंग फायरमैन भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. 

दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की तत्काल कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पाने के साथ अंदर मौजूद लोगों को भी सुरक्षित निकालने में मदद मिली. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. 

गांधी नगर में कपड़ों की दुकानों और गोदामों में लगी आग, 80 लोगों ने बचाई जान

साकेत की घटना से पहले शुक्रवार सुबह पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू आजादपुर के शांति मोहल्ले में आग लग गई. यहां कपड़ों की दुकानों और गोदामों से भरी एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत अचानक आग की चपेट में आ गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी इमारत से धुआं उठने लगा. आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. 

हालांकि, राहत की बात रही कि इमारत में मौजूद करीब 80 लोग समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के लिए कुल 16 दमकल गाड़ियों को लगाया गया. लेकिन यहां बचाव अभियान के सामने सबसे बड़ी परेशानी बनीं संकरी गलियां. गलियां इतनी तंग थीं कि दमकल की गाड़ियां मुख्य इमारत तक नहीं पहुंच सकीं. ऐसे में गाड़ियों को गली में ही खड़ा करके आग बुझाने का काम करना पड़ा. यही वजह रही कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब आठ घंटे लग गए. 

शुक्रवार शाम तक दमकल विभाग ने आग बुझाने का अभियान पूरा किया. इमारत में कपड़ों का कारोबार और गोदाम होने के कारण भारी मात्रा में माल मौजूद था. शुरुआती आंकलन में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

करोल बाग में आधी रात को धधकी चार मंजिला इमारत

दिल्ली में आग की घटनाओं का सिलसिला गुरुवार रात ही शुरू हो गया था. करोल बाग की गफ्फार मार्केट स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई. आग ने देखते ही देखते इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना पर दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इमारत के भीतर काफी नुकसान होने की आशंका है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बैटरी में ओवरहीटिंग के बाद हुए विस्फोट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में धनतेरस पर धनवान हुए दुकानदार, ग्राहकों ने जमकर की खरीदारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *