हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. बुधवार को चिंतपूर्णी-भरवाईं मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब के दो श्रद्धालुओं की जान चली गई. हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि कार गहरी खाई में गिरते ही धू-धू कर जलने लगी और ‘आग का गोला’ बन गई. इस घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार श्रद्धालु पंजाब के जालंधर के रहने वाले थे. वे बुधवार को माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने और दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान चिंतपूर्णी-भरवाईं मार्ग पर उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी.
एक बाहर गिरा, दूसरा कार के अंदर जिंदा जला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सीडेंट इतना भीषण था कि कार के खाई में गिरते ही एक श्रद्धालु झटके से गाड़ी के बाहर जा गिरा. गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, खाई में गिरने के तुरंत बाद कार में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे दूसरे श्रद्धालु को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वह कार के अंदर ही जिंदा जल गया.
यह दृश्य इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन गहरी खाई और कार में उठती आग की भीषण लपटों के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका.
हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव का ऐलान, 3 फेज में होंगे इलेक्शन, जान लें तारीख
पहचान में आ रही है मुश्किल, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. भारी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया. पुलिस के मुताबिक, कार के अंदर फंसा शव इतनी बुरी तरह से जल चुका है कि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस गाड़ी के नंबर और चेचिस नंबर के आधार पर जालंधर में उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है.
हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है. शुरुआती जांच में हादसा वाहन के अनियंत्रित होने के कारण होना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अन्य संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है.
