Headlines

होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, इंजन रूम में लगी आग, 24 घंटे में चौथा हमला


पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब समुद्री व्यापारिक मार्गों पर भी दिखाई दे रहा है. ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहा एक तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग (नेवल माइन) से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया. 

ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन संगठन (यूकेएमटीओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे के भीतर इस क्षेत्र में जहाजों पर हमले की यह चौथी घटना है. ईरानी नौसेना ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि टैंकर को काफी नुकसान पहुंचा है. हालांकि, जहाज के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं.

टैंकर का इंजन रूम आग की चपेट में आया
यूकेएमटीओ के मुताबिक, उसे ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमले की सूचना मिली थी. घटना के बाद जहाज की आवाजाही रुक गई और उसका इंजन रूम आग की चपेट में आ गया. संगठन ने बताया कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. हालांकि, जहाज को हुए नुकसान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

ईरानी नौसेना ने टैंकर पर लगाए नियमों के उल्लंघन के आरोप
ईरानी नौसेना ने भी इस घटना पर बयान जारी किया है. उसका कहना है कि तेल टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे.

ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार, नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि संबंधित टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी हिस्से में प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था. इस दौरान उसके नेविगेशन सिस्टम बंद थे.

जहाजों को प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में जाने की चेतावनी
ईरान कई बार जहाज संचालकों को प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दे चुका है. इस क्षेत्र में कई सप्ताह से समुद्री आवाजाही पर पाबंदियां लगी हुई हैं और लगातार संघर्ष की स्थिति बनी हुई है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लगातार बना हुआ है तनाव

बता दें कि फरवरी में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव लगातार बना हुआ है. यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में यहां जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

यह भी पढ़िएः ईरान के ड्रोन से अमेरिका को खतरा? सुनकर ट्रंप बोले- ‘मुझे कुछ हुआ तो नहीं बचेंगे आप’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *