Fodder for Manure Scheme: पशुपालन हमेशा से कमाई का एक अच्छा जरिया रहा है. अब किसानों को खेती और पशुपालन से जोड़ने के लिए एक यूपी सरकार की तरफ से नई पहल की तैयारी की जा रही है. इसके तहत किसान अपनी फसल से मिलने वाला हरा-सूखा चारा और भूसा गोशालाओं को दे सकेंगे. इसके बदले उन्हें गोबर, गोमूत्र और जैविक खाद मिलेगी.
सरकार ने इस व्यवस्था को ‘चारे के बदले खाद’ मॉडल नाम दिया गया है. इसका मकसद किसानों को उनकी उपज का फायदा दिलाने के साथ बेसहारा गोवंश की देखभाल को भी आसान बनाना है. इससे किसानों को पशुओं के लिए चारा बेचने का मौका मिलेगा और खेतों के लिए खाद भी मिल सकेगी.
किसानों से सीधे खरीदा जाएगा चारा
इस व्यवस्था के तहत गोशालाएं बाहर से चारा खरीदने के बजाय अपने आसपास के गांवों के किसानों से सीधे चारा ले सकेंगी. इसके लिए किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच सालाना समझौता किया जाएगा. किसान अपनी जरूरत और उपलब्धता के हिसाब से हरा चारा, सूखा चारा और भूसा दे सकेंगे. बदले में उन्हें गोबर, गोमूत्र या उनसे तैयार जैविक खाद दी जाएगी. इससे किसानों को खाद खरीदने पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिल सकती है. वहीं, गोशालाओं को भी साल भर पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने में आसानी होगी.
पराली जलाने की समस्या होगी कम
फसल कटने के बाद खेतों में बचने वाले अवशेष और पराली कई बार किसानों के लिए परेशानी बन जाते हैं. इन्हें हटाने के लिए कुछ किसान खेतों में आग लगा देते हैं, जिससे धुआं और प्रदूषण फैलता है. प्रदेश सरकार के इस मॉडल के तहत पराली और दूसरे फसल अवशेषों का इस्तेमाल पशुओं के चारे के रूप में किया जा सकेगा. इससे किसानों को पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग करने का विकल्प मिलेगा. साथ ही, गोशालाओं को भी चारे की उपलब्धता बनी रहेगी.
यह भी पढ़ें: 1,790 लीटर तक दूध दे सकती है ये भैंस, जानें इसकी खासियत
जैविक खाद बनाने की भी मिलेगी ट्रेनिंग
इस पहल के तहत किसानों को सिर्फ जैविक खाद उपलब्ध कराने की बात नहीं है, बल्कि उन्हें इसे खुद तैयार करने का तरीका भी सिखाया जाएगा. किसानों को गोबर और गोमूत्र से खाद बनाने, उसकी अच्छी क्वालिटी पहचानने और खेतों में सही मात्रा में इस्तेमाल करने की जानकारी दी जाएगी. इससे किसान रासायनिक खाद पर अपनी निर्भरता कुछ हद तक कम कर सकते हैं. हालांकि, खाद का इस्तेमाल मिट्टी और फसल की जरूरत के हिसाब से करना जरूरी होगा.
गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी
इस पहल का एक बड़ा मकसद गोशालाओं को लंबे समय तक चलाने लायक बनाना भी है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में 7,700 से ज्यादा गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से अधिक बेसहारा गोवंश को रखा गया है. इतनी बड़ी संख्या में पशुओं के लिए चारे और देखभाल की लगातार जरूरत पड़ती है.
चारे के बदले खाद देने की व्यवस्था से किसानों की भागीदारी बढ़ सकती है और गोशालाओं को चारे के लिए पूरी तरह बाहरी सप्लायर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इस तरह किसानों, गोशालाओं और प्राकृतिक खेती को एक साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: हजारों रुपये लीटर बिकता है गधी का दूध? समझें इस बिजनेस का पूरा गणित
