शादी के नाम पर प्यार, भरोसा और रिश्तों का ऐसा जाल, जिसमें फंसकर करीब 25 महिलाएं करोड़ों रुपये गंवा बैठीं. देश के चर्चित कथित वैवाहिक ठगी मामले में बुधवार को सीतापुर में नया मोड़ आया, जब आरोपी अनुज कुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं.
पीड़ित महिलाओं ने एक शिकायती पत्र दिया है, जिसमें आरोप लगाया है कि आरोपी अनुज सीतापुर की सेवता विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी का समधी है, जिसकी वजह से पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.
रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर भावुक हुईं मायावती, कही ये बात
अपर जिलाधिकारी को सुनाई आपबीती
महिलाएं जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से मिलकर अपनी आपबीती सुनाना चाहती थीं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी ने महिलाओं की शिकायतें सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने कई फर्जी पहचान बनाकर शादी की, करोड़ों रुपये की ठगी की और उनका मानसिक, सामाजिक व आर्थिक शोषण किया.
महिलाओं ने क्या-क्या आरोप लगाए?
कलेक्ट्रेट पहुंचीं पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि मिश्रिख तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंद्रावल के रहने वाले अनुज कुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी ने वर्षों तक अलग-अलग नामों और फर्जी पहचान के सहारे महिलाओं को अपने जाल में फंसाया. महिलाओं के मुताबिक आरोपी ने अजय सिंह, अजय अग्रवाल, चंद्रप्रकाश, संतोष सिंह, अजय गुप्ता और अविरल सिंह जैसे कई नामों से फर्जी आईडी बनाईं, खुद को अलग-अलग जगहों का प्रतिष्ठित व्यक्ति बताया और विश्वास जीतने के बाद शादी रचाकर करोड़ों रुपये की ठगी की. महिलाओं का दावा है कि अब तक करीब 25 महिलाएं उसकी ठगी का शिकार हो चुकी हैं.
आरोपी पर मानसिक, शारीरिक, और आर्थिक शोषण का आरोप
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने केवल आर्थिक ठगी ही नहीं की, बल्कि मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक शोषण भी किया. एक महिला ने 2 करोड़ 82 लाख 88 हजार रुपये, दूसरी ने 82 लाख रुपये नकद, 39 तोला सोना और हीरे के आभूषण, तीसरी ने 25 लाख 90 हजार रुपये नकद और 400 ग्राम सोने के आभूषण, चौथी ने 54 लाख रुपये और 950 ग्राम सोने के आभूषण, 11 लाख नगद 50 ग्राम सोना, जबकि एक अन्य महिला ने 8 लाख रुपये नकद, 20 ग्राम सोना और मोबाइल ठगे जाने का आरोप लगाया. महिलाओं का कहना है कि इस तरह अलग-अलग राज्यों की महिलाओं से सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी की गई.
पुलिस पर ढिलाई बरतने के आरोप
महिलाओं ने प्रशासन से शिकायत करते हुए यह भी आरोप लगाया कि संबंधित थानों में जाने के बावजूद उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है और उन्हें अपमानित कर वापस भेज दिया जाता है. उन्होंने अपर जिलाधिकारी (ADM) आयुष चौधरी से ठगी गई रकम, आभूषण वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. एडीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया.
कई राज्यों की महिलाओं को ठगा
मामलें में एजेंसियां लगातार जांच कर रही हैं. एंजेसियों के मुताबिक, यह मामला केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है. महाराष्ट्र की मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) क्राइम ब्रांच ने ठाणे, मीरा रोड और डोंबिवली की महिलाओं की शिकायतों के बाद जांच शुरू की थी. जांच में सामने आया कि आरोपी पीड़ित महिलाओं के घर में रहकर उन्हीं के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था और बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करता था, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक न कर सके.
आरोपी गिरफ्तार
करीब एक वर्ष की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को ‘ग्रेटर नोएडा‘ से गिरफ्तार किया था. उसके पास से जयप्रकाश गुप्ता के नाम का फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और कई एटीएम कार्ड बरामद किए गए थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के ठाणे, डोंबिवली और अमरावती समेत कई शहरों की महिलाओं को निशाना बनाया. जांच में उसके बेटे की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसे सह-आरोपी बनाया गया है.
पुलिस के मुताबिक ठगी के पैसों से आरोपी ने लखनऊ के पास आलीशान बंगला बनाया, इसके अलावा गांव में कई एकड़ जमीन का होना भी बताया जा रहा है. साथ ही यूपी और महाराष्ट्र पुलिस संभावित राजनीतिक संरक्षण के पहलू की भी जांच कर रही है.
क्या पीड़ितों को मिलेगा न्याय?
फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है. बतातें चलें कि कई पीड़ित महिलाएं मंगलवार को आरोपी अनुज त्रिवेदी के ग्राम चंद्रावल पहुंची थीं. महिलाओं का अनुज त्रिवेदी पर धोखा देकर शादी करने और करोड़ो की ठगी का आरोप है. ऐसे में अनुज त्रिवेदी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है. फिलहाल अब सभी की नजर इस बात पर है कि पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर सीतापुर प्रशासन क्या कदम उठाता है और देश के इस चर्चित कथित वैवाहिक ठगी मामले में पीड़ितों को कब तक न्याय और उनकी गाढ़ी कमाई वापस मिल पाती है.
अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत, डिवाइडर से टकराई कार
