Daisy Shah Birthday: बॉलीवुड की जानी-मानी और खूबसूरत अदाकारा डेजी शाह अपनी फिल्मों के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं. सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी डेजी 42 साल की उम्र में भी कुंवारी हैं. इंडस्ट्री में उन्होंने कास्टिंग काउच का भी सामना किया. डेजी शाह ने संघर्ष से सफलता तक की कहानी लिखी है. उनकी पहली कमाई सिर्फ 300 रुपये थी. जबकि आज वो करोड़ों की दौलत की मालकिन हैं. आइए आज एक्ट्रेस के जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें.
बैकग्राउंड डांसर थीं डेजी शाह
डेजी शाह का जन्म 25 अगस्त 1984 को मुंबई में हुआ था. एक्ट्रेस आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं. डेजी शाह कभी बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करती थीं. उन्होंने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘तेरे नाम’ के अलावा ‘रेस’, ‘मिस इंडिया’ और ‘मैंने प्यार क्यों किया’ जैसी फिल्मों में बतौर बैकग्राउंड डांसर काम किया है.
ये भी पढ़ें: कौन है वो एक्ट्रेस, जिससे 62 की उम्र में दूसरी शादी का प्लान बना रहे हैं गोविंदा
300 रुपये थी पहली कमाई
डेजी श्ह ने करियर की शुरुआत में मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य को भी असिस्ट किया है. वो अजय देवगन की साल 2003 की फिल्म ‘जमीन’ और अक्षय कुमार की साल 2004 की फिल्म ‘खाकी’ के लिए बतौर असिस्टेंट कोरियोग्राफर काम कर चुकी हैं. दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक डेजी की पहली कमाई सिर्फ 300 रुपये थी. उन्होंने अपनी पहली कमाई अपनी मां को दी थी.
इसके अलावा एक्ट्रेस ने हॉटरफ़्लाई को दिए इंटरव्यू में ये खुलासा भी किया था कि जब उन्हें पांच हजार रुपये का पहला बड़ा चेक मिला था तो उसे उन्होंने अपने पिता को दे दिया था, लेकिन उनके पिता ने कहा था कि ये चेक वो ही रख लें. लेकिन, फिर डेजी ने उनसे कहा था कि वो इसे बैंक में जाकर जमा करा दें.
कन्नड़ सिनेमा से किया था डेब्यू
सालों तक सिनेमा में कतार के पीछे काम करने वाली डेजी शाह को साल 2011 में पहली बार स्क्रीन पर आने का मौका मिला था. हालांकि बतौर एक्ट्रेस उनका आगाज हिंदी सिनेमा से नहीं, बल्कि कन्नड़ सिनेमा से हुआ था. उनकी पहली फिल्म ‘भद्रा’ थी. 15 साल पुरानी इस एक्शन रोमांटिक फिल्म में उन्होंने प्रज्वल देवराज और संपत राज के साथ काम किया था.

ठुकरा दी थी सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म
सलमान खान के साथ भी डेजी शाह काम कर चुकी हैं. लेकिन, इससे पहले वो उनके साथ काम करने का ऑफर ठुकरा चुकी थीं. बता दें कि सलमान ने खुद डेजी को अपनी साल 2011 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ में एक साइड रोल ऑफर किया था, हालांकि डेजी साइड रोल नहीं करना चाहती थीं. इसके चलते उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया था. सलमान को भी उम्मीद नहीं थी कि डेजी ऐसा कर सकती हैं. बाद में वो रोल हेजल कीच को मिल गया था.
फिर सलमान खान संग ही किया बॉलीवुड डेब्यू
कभी सलनान की फिल्म का ऑफर ठुकराने वाली डेजी शाह जल्द ही बड़े पर्दे पर उनकी एक्ट्रेस बनकर उतर गई थीं. उन्होंने फिर सलमान खान के अपोजिट ‘जय हो’ फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था. साल 2014 की ये फिल्म सफल रही थी और इसमें दोनों की केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. इसके बाद दोनों ने साल 2018 की फिल्म ‘रेस 3’ में भी स्क्रीन शेयर की थी.

कास्टिंग काउच का शिकार हुई थीं डेजी शाह
डेजी शाह ने फ्री प्रेस जर्नल को दिए इंटरव्यू में खुद के साथ हुई एक डरावनी घटना का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि एक बार साउथ के एक प्रोड्यूसर मुंबई में अपनी एक फिल्म के ऑडिशन के लिए आए हुए थे. डेजी भी ऑडिशन देने पहुंच गई थीं. प्रोड्यसूर कई लड़कियों से मिल रहे थे और जब डेजी वहां गई तो उनके साथ गलत हरकत हुई थी. डेजी ने बताया था कि उन्हें गलत तरीके से छूआ गया था. एक्ट्रेस को ये बर्ताव पसंद नहीं आया और फिर वो वहां से चली गई थीं.

करोड़ों की मालकिन हैं डेजी शाह
कभी बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करके थोड़े बहुत पैसे कमाने वाली डेजी शाह आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं. वो एक फिल्म के लिए 1 से तीन करोड़ रुपये तक फीस लेती हैं. जबकि रेस 3 के लिए उन्होंने 5.20 करोड़ रुपये चार्ज किए थे. एक्ट्रेस का कुर्ला में एक 3BHK फ्लैट है. वो रेंज रोवर और मर्सिडीज बेंज जैसी गाड़ियों की मालकिन हैं. अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 185 करोड़ रुपये है.
ये भी पढ़ें: ‘रणबीर कपूर से बेहतर’, ‘रामायण’ में यश के ‘रावण’ लुक पर फिदा हुए हनी सिंह
