Headlines

Delhi Gymkhana Club: दिल्ली के जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, सरकार ने क्यों लिया ये फैसला?


केंद्र सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली के पुराने जिमखाना क्लब को अपने अधिकार क्षेत्र में लेने का फैसला किया है. यह क्लब सफदरजंग रोड पर स्थित है और प्रधानमंत्री आवास के बेहद करीब माना जाता है. जिमखाना क्लब अंग्रेजों के समय का एक पुराना और प्रतिष्ठित क्लब है. अब शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से क्लब प्रशासन को 5 जून 2026 तक परिसर सरकार को सौंपने का आदेश दिया गया है.

जारी आदेश के अनुसार 5 जून को लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस यानी एलएंडडीओ इस जगह का आधिकारिक कब्जा ले लेगा. सरकार की तरफ से टेक्निकल सेक्शन की टीम मौके पर पहुंचकर कब्जा लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी और इसके बाद इलाके को सुरक्षा के हिसाब से सुरक्षित किया जाएगा. आदेश में साफ कहा गया है कि तय तारीख पर क्लब प्रशासन को शांति से जगह सरकार के प्रतिनिधियों को सौंपनी होगी. अगर ऐसा नहीं किया गया तो कानून के तहत कार्रवाई करते हुए कब्जा लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘सभ्यता सीख लो…’, भारत यात्रा पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो तो ईरान ने किस बात पर कसा तंज?

सुरक्षा कारणों को बताई मुख्य वजह

यह आदेश डिप्टी लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिसर सुचित गोयल की ओर से जारी किया गया है. आदेश में यह भी कहा गया है कि यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिया गया है. सरकार की तरफ से अभी तक इस फैसले पर ज्यादा विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा कारणों को इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है.

दिल्ली जिमखाना क्लब का इतिहास

दिल्ली जिमखाना क्लब देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित क्लबों में गिना जाता है. यह नई दिल्ली के सफदरजंग रोड पर प्रधानमंत्री आवास क्षेत्र के पास स्थित है. लंबे समय से यह क्लब नौकरशाहों, सेना के अधिकारियों, उद्योगपतियों और बड़े प्रभावशाली लोगों के बीच खास पहचान रखता है. इस क्लब की शुरुआत साल 1913 में ब्रिटिश शासन के दौरान इम्पीरियल दिल्ली जिमखाना क्लब” के नाम से हुई थी. आजादी के बाद इसका नाम बदलकर Delhi Gymkhana Club कर दिया गया. सरकार का कहना है कि क्लब जिस 27.3 एकड़ जमीन पर बना है, वह राष्ट्रीय सुरक्षा, डिफेंस इंफ्रास्ट्रक्चर और जनहित के लिए जरूरी है.

ये भी पढ़ें: ‘भोपाल AIIMS में होगा ट्विशा शर्मा का पोस्टमार्टम, समर्थ सिंह को बचाने वालों पर एक्शन’, पुलिस कमिश्नर ने क्या-क्या बताया?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *