सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कर्मचारी अपनी सैलरी को लेकर कंपनी के HR से सवाल पूछता नजर आ रहा है. कर्मचारी का दावा है कि उसे हर महीने 13 हजार रुपये सैलरी देने का वादा किया गया था, लेकिन एक महीने से ज्यादा काम करने के बाद उसके बैंक खाते में सिर्फ 3800 रुपये आए. इसके बाद उसने ऑफिस में ही जवाब मांगा और पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया. अब यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.कर्मचारी ने HR से पूछा, पूरी सैलरी क्यों नहीं आई
दिल्ली के मोती नगर से सामने आया वीडियो!
वायरल वीडियो में कर्मचारी बार-बार पूछता है, “मेरी पूरी सैलरी क्यों नहीं आई.” बताया जा रहा है कि यह मामला दिल्ली के मोती नगर स्थित एक निजी कंपनी का है. वीडियो की शुरुआत में कर्मचारी HR से बात करता है, लेकिन HR कैमरा बंद करने के लिए कहती हैं. कर्मचारी का दावा है कि जब उसने पहले इस बारे में शिकायत की थी, तब उसे जवाब मिला कि “अब कुछ नहीं हो सकता.” इसके बाद HR वहां से चली जाती हैं.
दूसरे कर्मचारी ने समझाने की कोशिश की
वीडियो में बाद में एक अन्य कर्मचारी बातचीत करता दिखाई देता है. वह कहता है कि सैलरी से जुड़े फैसले सिर्फ HR नहीं करती और इस मामले में दूसरे विभाग भी शामिल होते हैं. वह कर्मचारी से शांत रहने और सही तरीके से बात करने की सलाह देता है. लेकिन वीडियो बना रहा कर्मचारी कहता है कि वह दोपहर 1 बजे से इंतजार कर रहा है और उसे अब तक कोई साफ जवाब नहीं मिला. वह लगातार यह जानना चाहता है कि वादा की गई सैलरी से इतने कम पैसे उसके खाते में क्यों आए.
यह भी पढ़ें: Viral Video: कोलकाता की ट्यूशन टीचर ने दिखाया स्टूडेंट्स का प्यार, खाने की प्लेट देखकर लोग बोले- किस्मत हो तो ऐसी
सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. कुछ यूजर्स ने कर्मचारी का समर्थन करते हुए कहा कि अगर किसी की सैलरी कम आती है तो कंपनी को तुरंत साफ जवाब देना चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि कई बार सैलरी से जुड़े मामलों में HR के अलावा अकाउंट्स और दूसरे विभाग भी शामिल होते हैं, इसलिए हर गलती के लिए सिर्फ HR को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. हालांकि कर्मचारी के दावों और घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: तुम भी मदद करना…पेट्रोल पंप पर बारिश में भीगे नोट नहीं आए काम तो अंकल ने की मदद, वायरल वीडियो
