माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं. कभी उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी इच्छाओं को पीछे छोड़ देते हैं, तो कभी उनके सपनों को पूरा करने के लिए हर मुश्किल का सामना करते हैं. बच्चों की सफलता में माता-पिता की मेहनत और त्याग का बड़ा योगदान होता है. कई बार उनका प्यार बड़े-बड़े तोहफों में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी कोशिशों में दिखाई देता है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों यूजर्स का ध्यान खींच रहा है. इसमें एक पिता अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए सुबह-सुबह साइकिल लेकर निकल पड़े. इस दौरान न तो उन्हें सुबह के अंधेरे की चिंता थी और न ही अपनी नींद और आराम की. उनके लिए सबसे जरूरी था कि उनकी बेटी सुरक्षित अपनी मंजील तक पहुंच सके.
सुबह 4:30 बजे साइकिल लेकर निकले पिता
यह भावुक कर देने वाला वीडियो उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है. इसमें नैमिषा कश्यप नाम की युवती अपने पिता के साथ साइकिल पर सफर करती नजर आती हैं. नैमिषा को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा यानी PET देने जाना था. वीडियो में नैमिषा बताती हैं कि सुबह के करीब 4:30 बज रहे हैं और चारों तरफ अंधेरा है. ऐसे में उनके पिता उन्हें साइकिल से आगे चौराहे तक छोड़ने जा रहे हैं. वीडियो में पिता साइकिल चलाते दिखाई देते हैं और बेटी उनके साथ इस सफर को रिकॉर्ड कर रही होती है. आमतौर पर इतनी सुबह लोग अपनी नींद पूरी कर रहे होते हैं, लेकिन इस पिता ने अपनी बेटी की परीक्षा को प्राथमिकता दी. उनके इस छोटे सी कोशिश में बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता और उसके भविष्य के लिए प्यार साफ नजर आता है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: इसे कहते हैं दिवाली… चटाई हाथ में लेकर डांस करने लगे अंकल जी, यूजर्स के उड़े होश
बेटी के लिए पिता ही होते हैं सबसे बड़े सपोर्टर
यह वायरल वीडियो यूजर्स को इमोशनल कर रहा है. यूजर्स कमेंट्स में बोल रहे हैं कि पिता ही सबसे बड़ा सपोर्टर होता है. दरअसल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए परीक्षा का दिन काफी महत्वपूर्ण होता है. महीनों की मेहनत और तैयारी के बाद जब परीक्षा देने का मौका आता है, तो अभ्यर्थियों के मन में कई तरह की चिंताएं होती हैं. ऐसे समय में परिवार का साथ मिलना किसी बड़ी ताकत से कम नहीं होता. नैमिषा के पिता ने भी अपनी बेटी को अकेले अंधेरे में सफर करने देने के बजाय उसके साथ जाने का फैसला किया.
यूजर्स दे रहे शुभकामनाएं
नैमिषा के इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स उनके पिता की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ बेटी के प्रति उनके प्यार से इमोशनल हो रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि पिता भले ही हमेशा अपने प्यार को शब्दों में जाहिर नहीं करते, लेकिन उनके काम बच्चों के प्रति उनकी भावनाओं को बयां कर देते हैं. वहीं कुछ यूजर्स नैमिषा को परीक्षा में सफलता मिलने की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: न फ्रिज, न मशीन!’ छत के पंखे से जमा दी कुल्फी; खौफनाक जुगाड़ वायरल
