भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही सरहद खिंच गई हो, लेकिन दोनों देशों के बीच कुछ रिश्ते ऐसे हैं, जिन्हें आज भी समझ पाना मुश्किल है. भाषा, खान-पान और संस्कृति ऐसे ही रिश्तों की पहचान हैं. भारत के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े कई परिवार आज पाकिस्तान में रहते हैं, लेकिन उनकी पुरानी पहचान और सांस्कृतिक विरासत आज भी उनके साथ है.
ऐसी ही एक दिलचस्प जगह पाकिस्तान के कराची में मौजूद है, जिसे हरियाणा कॉलोनी के नाम से जाना जाता है. यहां पहुंचकर आपको ऐसा महसूस होता है, जैसे आप पाकिस्तान नहीं, बल्कि हरियाणा की किसी बस्ती में आ गए हों. इन दिनों इस जगह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर भारतीय यूजर्स भी हैरान हैं.
कंटेंट क्रिएटर ने दिखाई कराची की हरियाणा कॉलोनी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर रजीक खान कराची की हरियाणा कॉलोनी की सैर कराते दिखाई देते हैं. वीडियो की शुरुआत में वह कहते हैं कि आपने भारत का हरियाणा तो देखा होगा, लेकिन आज वह लोगों को कराची का हरियाणा दिखाने जा रहे हैं. इसके बाद वीडियो में बस्ती की गलियां दिखाई जाती है. यहां आसपास बने मकान, संकरी गलियां और स्थानीय लोगों की मौजूदगी देखने को मिलती है. वीडियो में एक जगह हरियाणा कॉलोनी का बोर्ड भी नजर आता है. रजीक यहां रहने वाले लोगों से बातचीत करते दिखाई देते हैं. वीडियो में एक स्थानीय निवासी बताते हैं कि इस इलाके में अलग-अलग बिरादरियों के लोग रहते हैं. वह इस बस्ती को एक गुलदस्ते की तरह बताता है, जहां कई समुदाय मिल-जुलकर रहते हैं. यही बात इस जगह को खास बनाती है.
1947 के बंटवारे से जुड़ी है इस बस्ती की कहानी
साल 1947 में भारत के विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर और जन्मभूमि छोड़कर दूसरी तरफ जाना पड़ा था. इस बड़े पलायन में हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े कई मुस्लिम परिवार भी पाकिस्तान पहुंचे. इन परिवारों ने पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में अपना नया जीवन शुरू किया. हालांकि देश बदलने के बाद भी उनकी पुरानी भाषा, खान-पान और सांस्कृतिक पहचान पूरी तरह खत्म नहीं हुई. पाकिस्तान में हरियाणवी भाषा बोलते हुए लोगों को देखना भारतीय यूजर्स को काफी मजेदार लग रहा है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: दीवाली पर दुबई में बनी सोने-हीरों की रंगोली, वीडियो देख उड़े लोगों के होश
आज भी भाषा और पुरानी पहचान से जुड़ाव
इस बस्ती की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां रहने वाले लोगों की पहचान सिर्फ उनके पते तक सीमित नहीं है. उनके परिवारों की पुरानी जड़ें भी इस पहचान का हिस्सा हैं. हरियाणवी बोली और उससे जुड़ी सांस्कृतिक परंपराएं इस समुदाय का हिस्सा है. हालांकि समय के साथ नई पीढ़ी की भाषा और रहन-सहन में बदलाव आना आम बात है. पाकिस्तान में रहने वाले कई परिवार उर्दू और दूसरी स्थानीय भाषाओं का भी इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में पुरानी पीढ़ी की बोली और नई पीढ़ी की भाषा में अंतर देखने को मिलता है.
वीडियो देखकर भारतीय यूजर्स हुए हैरान
कराची की हरियाणा कॉलोनी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. कई यूजर्स इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि पाकिस्तान में भी हरियाणा नाम की बस्ती है, जहां भारत के राज्य से जुड़ी बोली और पहचान देखने को मिलती है. कुछ यूजर्स इसे बंटवारे के बाद भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने की बात कर रहे हैं. वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि सरहदें भले ही देशों को अलग कर दें, लेकिन लोगों की भाषा, यादें और संस्कृति आसानी से नहीं बदलतीं.
यह भी पढ़ें: Viral Video: साड़ी पहन अमेरिकी सिंगर ने गाया ओम जय जगदीश हरे…आग की तरह फैला वीडियो
