कोटा की कोचिंग नगरी इन दिनों अपराधियों से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लेकर सुर्खियों में है. एक बार फिर खाकी सवालों के घेरे में आ गई है. लैंडमार्क सिटी इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंकने की वारदात में पुलिसकर्मी का नाम सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया. मामले में कुन्हाड़ी थाने में तैनात एएसआई वेद प्रकाश पर गंभीर आरोप लगे हैं. घटना की लाइव तस्वीरें सामने आने के बाद सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने तत्काल प्रभाव से एएसआई वेद प्रकाश को निलंबित कर दिया है.
रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिसकर्मी पर लगाया वारदात का आरोप
बताया जा रहा है कि 4 जुलाई की रात रेस्टोरेंट पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. फुटेज में एक शख्स रेस्टोरेंट के पास आता दिखाई देता है, फिर पत्थर फेंककर मौके से फरार हो जाता है. घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक ने कुन्हाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करवाई और पुलिसकर्मी पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया. मामला सामने आने और सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई.
एएसआई वेद प्रकाश सस्पेंड
सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई वेद प्रकाश को सस्पेंड कर दिया है. फिलहाल कुन्हाड़ी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पत्थरबाजी के पीछे आखिर वजह क्या थी? कोटा में एक बार फिर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है कि जब कानून की हिफाजत करने वालों पर ही ऐसे आरोप लगने लगें तो जनता के भरोसे पर सवाल खड़े होना लाजिमी है.
अन्न भंडारण में राजस्थान बना देश का नंबर-1, सहकारिता मॉडल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार
