अगर आपके पास कोई प्लॉट है और आप वहां रहते नहीं हैं, तो क्या आपको बिना पानी इस्तेमाल किए उसका बिल भरना पड़ेगा? ग्रेटर नोएडा में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक प्लॉट मालिक को पानी का इस्तेमाल नहीं करने के बावजूद हजारों रुपये का बिल भेजा गया. इस मामले में दिल्ली के उपभोक्ता आयोग ने ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (GNIDA) को गलत व्यापारिक तरीका मानते हुए 50 हजार रुपए का मुआवजा देने का आदेश दिया है.
आयोग ने 18 नवंबर को यह फैसला सुनाया. मामले में शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसने कई बार अथॉरिटी से पानी का कनेक्शन काटने की मांग की, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार बिल भेजे जाते रहे.
कैसे शुरू हुआ बिल का विवाद?
प्लॉट मालिक के मुताबिक, उसे दिसंबर 2006 में ग्रेटर नोएडा में प्लॉट आवंटित हुआ था और नवंबर 2010 में उसका मालिकाना हक मिला. हालांकि, आसपास आबादी कम होने के कारण उसने वहां रहना शुरू नहीं किया. इसके बावजूद मार्च 2011 में अथॉरिटी ने पानी का बकाया जमा करने को कहा. सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने पेमेंट नहीं करने पर कनेक्शन काटने की भी धमकी दी.
जुलाई में उन्हें फरवरी 2011 से जुलाई 2015 तक का 14,128 रुपए का बिल मिला. इसमें 12% सालाना ब्याज भी शामिल था. शिकायतकर्ता ने करीब 14,130 रुपए जमा कर दिए. इसके बाद जनवरी 2016 में उसे 19,189 रुपए का एक और बिल भेजा गया. उसका आरोप था कि पहले जमा की गई रकम को नए बिल में एडजस्ट नहीं किया गया.
कनेक्शन काटने की मांग के बाद भी आया बिल
प्लॉट मालिक ने जुलाई 2016 और मार्च 2019 में अथॉरिटी को पानी का कनेक्शन काटने के लिए आवेदन किया. इसके बावजूद जून 2020 में उसे 34,193 रुपए का बिल भेज दिया गया. इसके बाद उन्होंने उपभोक्ता आयोग में शिकायत की.
अथॉरिटी ने क्या दी सफाई?
GNIDA ने कहा कि पानी का बिल नियमों के अनुसार लगाए गए थे. अथॉरिटी के मुताबिक, 250 वर्ग मीटर से छोटे प्लॉट के लिए मई 2013 तक 150 रुपए मासिक फिक्स्ड चार्ज था. उसने यह भी दावा किया कि मार्च 2021 तक शिकायतकर्ता पर 43,167 रुपए बकाया थे.
हालांकि, आयोग ने माना कि वास्तविक इस्तेमाल की परवाह किए बिना फिक्स्ड चार्ज के आधार पर बिल भेजना गलत व्यापारिक तरीका है. इसी आधार पर अथॉरिटी को शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपए मुआवजा के तौर पर देने का निर्देश दिया गया.
छत पर सोलर पैनल वालों को मिली 37989 करोड़ की सब्सिडी, UP सबसे आगे
