हरियाणा के पानीपत स्थित देशराज कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 28 वर्षीय विवाहित महिला नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में तेजाब पीने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल (Civil Hospital) भिजवा दिया है.
मृतका के परिजनों ने इस मामले में नेहा के पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों के अनुसार नेहा ने करीब सात वर्ष पहले कॉलोनी के ही एक युवक के साथ प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था. आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद, मारपीट और झगड़े होते रहते थे. परिजनों का कहना है कि पति शराब का आदी था, जिसके कारण घर में घरेलू कलह लगातार बढ़ती जा रही थी. इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं और दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं आया.
‘कुचुपुचु इस्तीफा दे दो’, लोकसभा में Gen-Z के अंदाज का जिक्र
पीछे छूट गए दो मासूम, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार
इस दुखद घटना के बाद मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने नेहा की मौत को पूरी तरह से संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है.
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिविल अस्पताल से आने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पानीपत के पार्क अस्पताल पर बड़ा आरोप, पैर की चोट की जगह दिल का ऑपरेशन; महिला की मौत
