Headlines

Restaurant Style Dal: ऐसे बनेगी रेस्तरां जैसी दाल, उंगलियां चाटते रह जाएंगे घरवाले


How To Make Restaurant Style Dal At Home: दाल भारतीय खाने की सबसे जरूरी और पसंदीदा डिशों में से एक है. चाहे दोपहर का खाना हो या रात का, बिना दाल के थाली अक्सर अधूरी लगती है. लेकिन कई बार घर में बनाई गई दाल स्वाद में वैसी नहीं बन पाती जैसी किसी अच्छे रेस्तरां या ढाबे में मिलती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर आप घर पर ही ऐसी दाल तैयार कर सकते हैं, जिसकी खुशबू और स्वाद हर किसी को पसंद आएगा. यकीन मानिए, एक बार यह दाल बनाकर खिलाई तो घरवाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे.

सही दाल का चुनाव 

रेस्तरां जैसी दाल बनाने की शुरुआत सही दाल चुनने से होती है. आमतौर पर इसके लिए अरहर (तुअर) की दाल सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाती है. हालांकि कई लोग इसमें मूंग या मसूर की दाल भी मिलाते हैं, जिससे स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर भिगो दें। इससे दाल जल्दी पकती है और उसका स्वाद भी निखरकर आता है.

दाल पकाते समय क्या करें?

दाल पकाते समय केवल हल्दी और नमक डालने की बजाय इसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और एक चुटकी हींग भी डालें. जब ये सभी चीजें दाल के साथ एकसाथ पकती हैं तो उनका स्वाद दाल में अच्छी तरह घुल जाता है. प्रेशर कुकर में दाल पूरी तरह गलने के बाद उसे हल्का-सा मैश करें और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाकर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें.  इससे दाल का टेक्सचर बिल्कुल रेस्तरां जैसा स्मूद बनता है.

तड़का लगाते समय क्या रखें ध्यान?

अब बारी आती है उस चीज की, जो साधारण दाल को खास बना देती है. इसका नाम है तड़का. यही तड़का दाल के स्वाद और खुशबू को कई गुना बढ़ा देता है. एक छोटी कड़ाही में देसी घी या तेल गर्म करें. इसमें सबसे पहले जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा लहसुन, सूखी लाल मिर्च और एक चुटकी हींग डालें. लहसुन को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें कसूरी मेथी और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर गैस बंद कर दें. इस गर्मागर्म तड़के को सीधे उबलती हुई दाल पर डाल दें. जैसे ही तड़का दाल में मिलेगा, उसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी.

Restaurant Style Dal: ऐसे बनेगी रेस्तरां जैसी दाल, उंगलियां चाटते रह जाएंगे घरवाले

ढ़ाबे वाला स्वाद कैसे लाएं?

अगर आप बिल्कुल रेस्तरां या ढाबे वाला स्वाद चाहते हैं तो एक और खास तरीका अपना सकते हैं. इसे धुंगर विधि कहा जाता है. इसमें कोयले के एक छोटे टुकड़े को लाल होने तक गर्म किया जाता है. फिर उसे एक छोटी स्टील की कटोरी में रखकर उस पर थोड़ा-सा घी डाला जाता है. इसके बाद इस कटोरी को दाल के बर्तन के बीच में रखकर ढक्कन बंद कर दिया जाता है. एक से दो मिनट में कोयले का हल्का धुआं दाल में समा जाता है और उसे स्मोकी फ्लेवर मिलता है. यही स्वाद अक्सर रेस्तरां की दाल को घर की दाल से अलग बनाता है.

इसे भी पढ़ें: Italian Pizza Recipe: घर पर कैसे बनाएं इटेलियन पिज्जा? बच्चों से लेकर बड़े तक चाटते रहेंगे उंगलियां

इस बात का रखें ध्यान

दाल बनाते समय उसकी गाढ़ी या पतली कंसिस्टेंसी का भी ध्यान रखना चाहिए. बहुत ज्यादा गाढ़ी दाल खाने में भारी लगती है, जबकि ज्यादा पतली दाल का स्वाद फीका महसूस होता है. रेस्तरां स्टाइल दाल हमेशा मध्यम गाढ़ी होती है, जो चावल और रोटी दोनों के साथ बेहतरीन लगती है. आखिर में दाल में थोड़ा-सा गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालें. अगर आपको ज्यादा रिच स्वाद पसंद है तो एक चम्मच फ्रेश क्रीम भी मिला सकते हैं. इससे दाल का स्वाद और भी शानदार हो जाता है.

यह दाल गर्मागर्म सादे चावल, जीरा राइस, तंदूरी रोटी, पराठे या फुल्के के साथ परोसें. अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा-सा घी भी डाल सकते हैं. खाने की मेज पर जब इस दाल की खुशबू पहुंचेगी तो हर कोई खुद को दूसरी बार लेने से रोक नहीं पाएगा.

इसे भी पढ़ें: Weekly Fasting Benefits:हफ्ते में एक बार उपवास रखने के क्या हैं फायदे? लेकिन इन चीजों का रखना होगा ध्यान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *