झारखंड पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर की है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी.
जानकारी के मुताबिक, रांची जिले के नगरी पुलिस थाने में शनिवार को बीजेपी के नगरी मंडल अध्यक्ष रितेश राज महतो की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगरी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी अलीम अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई.
लोकसभा में प्रियंका बनाम प्रह्लाद! महुआ माजी बोलीं- ‘अगर बिलकिस बानो के…’
पुलिस ने क्या कहा?
नगरी पुलिस थाने के प्रभारी अभिषेक राय ने कहा, “हमने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करके सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की और संवैधानिक पदों का खुलेआम अपमान किया.”
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
JPSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन, 6 अगस्त को विधानसभा का घेराव
जांच के बाद होगी गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है. वीडियो की जांच, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य संबंधित साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है. अधिकारी के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.
