सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने का बुखार इस कदर चढ़ चुका है कि लोग अब देश की सबसे हाई-टेक ट्रेन ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ की सुरक्षा से भी खिलवाड़ करने लगे हैं. हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और एक पुरुष वंदे भारत ट्रेन के ‘लोको पायलट के केबिन’ के अंदर बैठकर आराम से रील बनाते नजर आ रहे हैं. ट्रेन का यह हिस्सा बेहद सुरक्षित और प्रतिबंधित माना जाता है, जहां आम लोगों का जाना सख्त मना है. इस वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
सरकारी कर्मचारी की पत्नी पर लगा रील बनाने का आरोप
एक्स पर प्रेम भारद्वाज नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए महिला की पहचान सरिता यादव के रूप में की है. आरोप है कि महिला अपने परिवार के साथ वंदे भारत के केबिन में घुसी और लोको पायलट की मुख्य कुर्सी पर बैठकर बारी-बारी से रील शूट की. वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने रेलवे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखा, “आजकल सरकारी कर्मचारियों की पत्नियों को रील बनाने का ऐसा चस्का लगा है कि वे आगे-पीछे का कुछ नहीं सोच रहीं.” उन्होंने चेतावनी भी दी कि इस तरह की लापरवाही से ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है.
आजकल सरकारी नौकरी करने वालों की बीवियों को Reel बनाने का ऐसा कीड़ा काटा है कि वो आगे पीछे कुछ नहीं सोच रही हैं,
इन मोहतरमा का नाम सरिता यादव है , ये ट्रेन के इंजन में पूरे परिवार के साथ Reel बना रही हैं,@IRCTCofficial @RailMinIndia इस वायरल विडियो की जांच कर ऐसे कर्मचारियों पर… pic.twitter.com/5sQMckLHuP
— Prem Bhardwaj (@premkumarcbn01) August 3, 2026
रेलवे सेवा ने लिया संज्ञान, महिला ने डिलीट किया अपना इंस्टाग्राम अकाउंट
यह वीडियो वायरल होते ही भारतीय रेलवे के आधिकारिक शिकायत पोर्टल ‘रेलवे सेवा’ ने इस पर संज्ञान लिया है. रेलवे सेवा ने कमेंट सेक्शन में जवाब देते हुए शिकायतकर्ता से ट्रेन नंबर, तारीख, समय और मोबाइल नंबर जैसी पूरी जानकारी मांगी है ताकि मामले की जांच शुरू की जा सके. इसी बीच, लोगों ने नोटिस किया कि जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से यह रील पोस्ट की गई थी, वह अब गायब हो चुका है. वहां ‘पेज नॉट फाउंड’ लिखा आ रहा है, जिससे साफ है कि विवाद बढ़ता देख अकाउंट को डिलीट या डीएक्टिवेट कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: Viral Video : ट्रेन में कैसे चोरी होता है फोन, वीडियो देख उड़ जाएंगे होश
यूजर्स बोले- ‘इंजन में कैसे मिली एंट्री? अधिकारियों पर हो कार्रवाई’
इस घटना को लेकर इंटरनेट पर लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है. यूजर्स का कहना है कि जब ट्रेन के केबिन में लोको पायलट के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का जाना मना है, तो आखिर इन लोगों को अंदर जाने की इजाजत किसने और कैसे दी? लोग अब रेल मंत्रालय से मांग कर रहे हैं कि ट्रेन चला रहे कर्मचारियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें: Video: ऑफिस आ रहे सर… बारिश के पानी में डूबी बाइक, लेकिन नहीं माना बॉस
