श्रीनगर, 7 अगस्त, 2026: खलिन जोशी ने पांच-अंडर 66 का स्कोर बनाकर श्रीनगर के खूबसूरत रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में खेले गए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले जेएंडके ओपन 2026 का खिताब नौ शॉट के बड़े अंतर से जीत लिया. बेंगलुरु के 33 वर्षीय खलिन (63-66-65-66) ने 24-अंडर 260 के कुल स्कोर के साथ अपना आठवां पेशेवर खिताब और 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई सत्र की दूसरी जीत दर्ज की.
खलिन को विजेता के रूप में 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली. वह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर 13वें से आठवें स्थान पर पहुंच गए. सत्र में उनकी कुल कमाई अब रु34,85,575 रुपये हो गई है.
दो बार के एशियन टूर विजेता दिल्ली के राशिद खान (68-68-64-69) ने 15-अंडर 269 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ फ्लोरिडा से स्नातक पानीपत के शुभम जगलान (70-68-66-66) ने 14-अंडर 270 के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया.
छह शॉट की बढ़त के साथ अंतिम दौर की शुरुआत करने वाले खलिन ने स्वीकार किया कि पहला फेयरवे चूकने के बाद वह कुछ दबाव महसूस कर रहे थे. हालांकि, तीसरे होल तक उन्होंने खुद को संभाल लिया और तीसरे तथा चौथे होल पर लगातार बर्डी लगाकर खिताब पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
खलिन ने कहा, “शुरुआत में मैं निश्चित रूप से थोड़ा नर्वस था, खासकर पहला फेयरवे चूकने के बाद. तीसरे होल तक मैं सहज होने लगा था और तीसरे तथा चौथे होल की बर्डी ने दबाव कम कर दिया.” पूरे सप्ताह घनी रफ के कारण एप्रोच शॉट खेलना मुश्किल रहा. इसे देखते हुए खलिन की रणनीति गेंद को फेयरवे पर रखने और अपनी शानदार पटिंग का फायदा उठाने की थी.
उन्होंने कहा, “मेरी रणनीति अधिक से अधिक फेयरवे हिट करने की थी, क्योंकि मुझे पता था कि इससे बर्डी के पर्याप्त मौके मिलेंगे. मेरे लिए वर्तमान में रहना, हर शॉट को अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलना और सकारात्मक सोच बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण था. पूरे दिन अपनी ड्राइव को सीधा जाते देखना काफी संतोषजनक रहा.”
खलिन ने अंतिम दौर में पांच बर्डी लगाईं और कोई बोगी नहीं की. इसके साथ ही उन्होंने लगातार 55 होल तक कोई शॉट नहीं गंवाया. उनका 66 का अंतिम दौर लगातार तीसरा बोगी-मुक्त दौर रहा. उन्होंने पूरे 72 होल में सिर्फ एक बोगी की.
यह खलिन की इस सत्र में दूसरी जीत है. इससे पहले उन्होंने अप्रैल में नौ-अंडर 275 के स्कोर के साथ आंध्र ओपन का खिताब चार शॉट से जीता था. जम्मू-कश्मीर के अपने चौथे दौरे पर जीत दर्ज करके खलिन बेहद खुश दिखाई दिए. इससे पहले वह पहलगाम और जम्मू भी आ चुके हैं.
उन्होंने कहा, “मैंने पूरे सप्ताह जिस तरह का खेल दिखाया, उससे बेहद खुश हूं. रॉयल स्प्रिंग्स शानदार है और यहां सालभर में खेले जाने वाले सभी कोर्सों में से कुछ सबसे खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं. यह बेहतरीन गोल्फ कोर्स है और मुझे उम्मीद है कि हम यहां अधिक बार आएंगे.”
खलिन का मानना है कि अधिक टूर्नामेंट, जूनियर कार्यक्रम और प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने से क्षेत्र में गोल्फ को बढ़ावा मिलने के साथ जम्मू-कश्मीर की गोल्फ पर्यटन स्थल के रूप में पहचान भी मजबूत होगी.
उन्होंने कहा, “यहां काफी संभावनाएं हैं. कोर्स शानदार स्थिति में है और मौसम भी बेहतरीन है. अधिक टूर्नामेंट होने से मजबूत खिलाड़ी और अधिक पर्यटक यहां आएंगे. उम्मीद है कि भविष्य में रॉयल स्प्रिंग्स में किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा.”
पूर्व एशियन टूर विजेता चंडीगढ़ के अजीतेश संधू (65-72-65-70) ने 12-अंडर 272 के कुल स्कोर के साथ चौथा स्थान हासिल किया. डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज सप्तक तलवार (69-71-65-70), कोलकाता के एशियन टूर विजेता राहिल गंगजी (73-67-66-69) और चंडीगढ़ के अंगद चीमा (68-68-68-71) नौ-अंडर 275 के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे.
सप्तक ने सत्र की रैंकिंग में अपनी शीर्ष स्थिति और मजबूत कर ली. इस वर्ष उनकी कुल कमाई बढ़कर रु82,53,034 रुपये हो गई है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान वालों ने झूठ फैलाया, बाबर आजम कंट्रोवर्सी पर बोले इरफान पठान
