Headlines

‘राहुल गांधी को प्रयागराज की जगह रांची जाना था’, किरेन रिजिजू का तंज


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने निशाना साधा है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी जी को प्रयागराज की जगह रांची जाना चाहिए था. छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कांग्रेस सासंद राहुल गांधी रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, कथित पेपर लीक और रजिस्ट्रेशन पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है और पढ़ाई पर पैसा खर्च करने के बावजूद नौकरी के अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं.

राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि विश्वविद्यालयों से लेकर नौकरशाही और अन्य संस्थानों तक आरएसएस के लोगों को बैठाया जा रहा है. उन्होंने कहा, भारत में करीब 40 करोड़ युवा हैं और यही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं. जब वह युवाओं को भारत की शक्ति और शान कहते हैं तो उनका आशय केवल कार्यक्रम में मौजूद भीड़ से नहीं, बल्कि देश के युवाओं से होता है. युवा पढ़ाई करते हैं, परिवार पैसा खर्च करता है और डिग्री हासिल होती है, लेकिन इसके बाद रोजगार की गारंटी नहीं मिलती.’ उन्होंने दावा किया कि एक हजार युवाओं में केवल 12 युवाओं को स्थायी नौकरी मिलती है.

रांची के छात्रों से राहुल गांधी ने की बात

रांची में JPSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. बीजेपी का कहना है कि झारखंड में कांग्रेस के गठबंधन की सरकार है इसलिए राहुल गांधी वहां जाने से बच रहे हैं. हालांकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे छात्रों से फोन पर बात किया. प्रदर्शनकारियों में शामिल एक छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि गुरुवार (6 अगस्त 2026) की शाम को फोन पर हुई बातचीत में राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों से अपनी मांगों की लिस्ट भेजने को कहा. छात्र नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्याओं को लेकर राज्य सरकार से बात करेंगे.

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र 29 जुलाई से रांची में आंदोलन कर रहे हैं. छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. आंदोलनकारी छात्र मामले की सीबीआई और ईडी से जांच की मांग भी कर रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *