रांची में आंदोलन कर रहे छात्र संगठनों ने सोमवार (10 अगस्त) को विधानसभा तक मार्च करने का ऐलान किया है. अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से पहले रांची स्थित पुरानी विधानसभा के गेट पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है. बताया जा रहा है कि सभी छात्र पहले पुरानी विधानसभा के पास जमा होंगे और वहीं से 11 बजे एक साथ नई विधानसभा की ओर पैदल मार्च करेंगे.
10 अगस्त को प्रस्तावित झारखंड विधानसभा तक प्रदर्शनकारियों के मार्च पर राज्य सरकार की तरफ से गठित सरकारी समिति ने कहा कि सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी छात्र का उत्पीड़न न हो.
पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती
पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की दूरी चार किलोमीटर है. जगन्नाथ मंदिर चौक से आगे छात्रों को बढ़ने नहीं दिया जाएगा. वहां पर बैरिकेडिंग रहेगी. पुरानी विधानसभा से जगन्नाथ मंदिर चौक 2 किलोमीटर है. पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे.
4 IPS अधिकारी, 10 डीएसपी की भी होगी तैनाती
सूत्रों के मुताबिक पूरे रूट और विधानसभा परिसर की निगरानी के लिए जिले के 4 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की जायेगी. सुरक्षा व्यवस्था में 10 डीएसपी, 24 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा, करीब 700 पुलिसकर्मियों को लगाया जायेगा. सीसीटीवी कैमरे के साथ ही ड्रोन से भी निगरानी होगी. कुल मिलाकर आंदोलन को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.
विधानसभा परिसर के पास BNS की धारा 163 लागू
रांची जिला प्रशासन ने नए विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली या बिना अनुमति के 5 से अधिक लोगों के जमा होने पर पूरी रोक लगा दी गई है. रांची में छात्रों का आंदोलन शनिवार (9 अगस्त) को 16वें दिन भी जारी रहा.
बीजेपी ने मार्च का किया समर्थन
बता दें कि जेपीएससी, JSSC CGL और विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर विधानसभा मार्च का आह्वान किया गया है. JPSC-JSSC अभ्यर्थी रिफॉर्म मंच, न्याय मंच समेत विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा मार्च का आह्वान किया गया है. उधर, बीजेपी ने इस मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है.
CM हेमंत सोरेन बोले, ‘छात्रों को पारदर्शिता के साथ मिलेगा न्याय’
