महोबा के शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ला के सुनसान इलाके में सिपाही की बहन का शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले जांच पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों ने बताया है कि युवती की शादी आगामी जुलाई में होनी थी. घटना के बाद खुशियों वाले घर में मातम पसर गया है.
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ला के रहने वाले मानिकचंद्र रैकवार की 22 वर्षीय पुत्री प्रियंका का शव मोहल्ले के ही सुनसान इलाके में पड़ा मिला है. प्रियंका तीन भाइयों की इकलौती बहन थी, उसकी मौत की खबर ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है.
पहाड़ी पर मिला था युवती का शव
बताया जा रहा है कि बीती रात परिवार के सभी सदस्य खेत पर फसल की कतराई के लिए गए हुए थे और प्रियंका घर पर अकेली थी. सुबह करीब 6:00 बजे जब परिजन घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए. प्रियंका घर के अंदर नहीं थी. काफी खोजबीन के बाद, शौच के लिए निकले स्थानीय लोगों ने पहाड़ी पर एक युवती का शव देखा. शिनाख्त होने पर पता चला कि वह प्रियंका ही थी.
पुलिस सिपाही है मृतका का बड़ा भाई
मृतका के चाचा महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रियंका के शरीर और गाल पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसे पत्थरों से कुचलकर मारा गया है. प्रियंका की शादी 8 जुलाई को तय हो चुकी थी और घर में विवाह की तैयारियाँ चल रही थीं. मृतका का बड़ा भाई संतोष पुलिस में सिपाही है. इस वारदात को लेकर परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है.
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात
पड़ोसियों का कहना है कि प्रियंका बेहद सरल स्वभाव की थी और कम ही घर से बाहर निकलती थी. इस वारदात के बाद से मोहल्ले में डर का माहौल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
एएसपी ने बताया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा. दावा किया कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
