Dubai Pani Puri Price: भारत के हर कोने में अगर किसी स्ट्रीट फूड को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है तो वह है पानी पूरी. इसे भारत के साथ दुनिया भर में लोग बड़े चाव के साथ खाना पसंद करने लगे हैं. फिलहाल भारत में रह रहीं रूसी अभिनेत्री रुदाकोवा जब दुबई घूमने गईं तो वहां पानी पूरी की कीमत देखकर दंग रह गईं. बता दें कि रुदाकोवा ने पहले मुंबई की 60 रुपये की पानी पूरी थाली को महंगा बताया था, लेकिन दुबई में पानी पूरी के रेट देखकर उनके होश उड़ गए.
रुदाकोवा क्यों हो गईं हैरान?
रुदाकोवा ने अपने सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो में बताया कि जब वह दुबई एयरपोर्ट पर पहुंचीं तो वहां टर्मिनल-1 पर एक पोस्टर दिखाई दिया. इस पोस्टर पर एक प्लेट पानी पूरी का रेट 42 दिरहम लिखा था. यह देखकर वह हैरान रह गईं. रुदाकोवा कहती हैं कि 42 दिरहम भारत के 1096 रुपये के बराबर होते हैं, जो भारत में पानी पूरी की कीमत के मुकाबले काफी ज्यादा है. वह आगे कहती है कि मैं इतनी महंगी पानी पूरी देखकर वापस भारत लौट रही हूं.
रुदाकोवा ने मांगी माफी
रुदाकोवा ने कुछ समय पहले मुंबई के लोखंडवाला में 60 रुपये में मिल रही पानी पूरी पर आपत्ति जताई थी. जब उनको पता चला था कि एक थाली की कीमत 60 रुपये है तो वह काफी बुरी तरह चौंक गई थीं. उन्होंने इस मजाकिया अंदाज में पानी पूरी की कीमत पर तंज कसा था. साथ ही, इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी शिकायतें की थीं. अब उन्होंने उस मामले को लेकर अपनी गलती मानी है और कहा कि मैं अपनी उस गलती के लिए माफी मांगती हूं. 60 रुपये की पानी पूरी को लेकर मेरी सोच गलत थी.
ये भी पढ़ें: भारत में हुआ पाकिस्तानी महिला के बेटे का इलाज, जमकर की व्यवस्थाओं की तारीफ
लोगों ने जमकर ले लिए मजे
रुदाकोवा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. भारत के एक यूजर ने कहा कि यह सब वह अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कर रही हैं. वहीं, दूसरे यूजर ने दुबई की 0% टैक्स पॉलिसी पर तंज कसते हुए लिखा कि शायद पानी पूरी पर 1000 पर्सेंट टैक्स लग गया है. वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब तो दुबई में पानी पूरी का ठेला लगाना ज्यादा फायदेमंद होगा. एक यूजर ने तो रुदाकोवा को टैग करते हुए लिखा कि उसके गांव में पानी पूरी की प्लेट 10 रुपये में मिलती है.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में 5 मिनट के शावर पर लगा 1.30 लाख का जुर्माना, जानें पूरा मामला
