Headlines

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, एक परिवार के 4 लोगों की मौत


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में  मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बाराबंकी की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने मोड़ पर ऑल्टो कार में सीधी भीषण टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय मासूम बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है. 

हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों को मोर्चरी भिजवाया और सड़क से कार हटवाकर यातायात शुरू करवाया. इसके साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: इथेनॉल के लिए चीनी इस्तेमाल पर उठे सवाल, मिलों ने दिया बड़ा जवाब

श्रावस्ती के रहने वाले थे सभी मृतक 

कार सवार सभी लोग जनपद श्रावस्ती के भिनगा कस्बे के रहने वाले थे और बहराइच की तरफ से आ रहे थे. बिंदौरा चौराहे के पास कार मुड़ ही रही थी कि तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद कार के अंदर सभी लोग बुरी तरह फंस गए। स्थानीय राहगीरों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. 

मृतकों की पहचान मोहम्मद शरीफ (51), तबस्सुम बानो (45), साजिया खातून (31) और उजैम (33) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल 7 वर्षीय मासूम बच्ची हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया.

घायल बच्ची का इलाज जारी है 

मामले में बाराबंकी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो चुकी है, जिनके शवों का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम की विधिक प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि घायल 7 वर्षीय बच्ची हुदा का हाल जानने वह स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका सघन इलाज जारी है और वर्तमान में उसकी हालत स्थिर बनी हुई है. उधर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार डंपर चालक की तलाश में दबिश दे रही है.

यह भी पढ़ें: महंगाई पर सपा का अनोखा विरोध, राहगीरों को बांटी फ्री चीनी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *