Headlines

Refrigerator Food Storage: फ्रिज की किसी भी शेल्फ में रख देते हैं खाना? जानें सही जगह


Correct Shelf For Storing Food In Fridge: फ्रिज में खाना रखने का मतलब सिर्फ उसे ठंडा रखना नहीं है. अगर आप हर सामान को फ्रिज की किसी भी शेल्फ पर रख देते हैं, तो हो सकता है कि खाना जल्दी खराब हो जाए या उसकी ताजगी कम हो जाए. फ्रिज के अंदर हर जगह का तापमान एक जैसा नहीं रहता. ऊपर की शेल्फ, बीच का हिस्सा, नीचे की शेल्फ, सब्जियों की ट्रे और दरवाजे की रैक, हर जगह का इस्तेमाल अलग-अलग चीजों के लिए किया जाता है. सही जगह पर सही खाना रखने से न सिर्फ चीजें ज्यादा समय तक ताजा रह सकती हैं, बल्कि फ्रिज में बदबू, नमी और खाने के एक-दूसरे से खराब होने का खतरा भी कम किया जा सकता है. 

सबसे पहले फ्रिज का तापमान सही रखें

फ्रिज का तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस रखना बेहतर माना जाता है. इससे खाने में बैक्टीरिया की बढ़त धीमी करने में मदद मिलती है. बहुत ज्यादा गर्म तापमान पर खाना जल्दी खराब हो सकता है, जबकि जरूरत से ज्यादा ठंडा रखने पर कुछ सब्जियों और दूसरी चीजों की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है. फ्रिज का दरवाजा बार-बार और लंबे समय तक खुला रखने से भी अंदर का तापमान बदलता रहता है. इसलिए जरूरत के मुताबिक सामान निकालें और दरवाजा तुरंत बंद कर दें.

ऊपर वाली शेल्फ पर क्या रखें?

फ्रिज की ऊपरी शेल्फ पर ऐसा खाना रखना ठीक रहता है जिसे सीधे खाने के लिए तैयार किया जा चुका हो. इसमें बचा हुआ पका खाना, दही, जैम और दूसरे रेडी-टू-ईट आइटम शामिल हो सकते हैं. बचे हुए खाने को हमेशा ढककर या एयरटाइट कंटेनर में रखें. इससे खाने में फ्रिज की दूसरी चीजों की गंध जाने से बचती है और नमी भी कम रहती है.

बीच वाली शेल्फ किसके लिए है?

मिडिल शेल्फ पर दूध, पनीर, चीज, टोफू और अंडे जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजें रखी जा सकती हैं. यहां तापमान आमतौर पर काफी स्थिर रहता है, इसलिए डेयरी और दूसरे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों के लिए यह जगह ज्यादा उपयुक्त होती है. अंडों को फ्रिज के दरवाजे पर बने ट्रे में रखने की बजाय अंदर की शेल्फ पर रखना बेहतर है, क्योंकि दरवाजा खोलने पर वहां का तापमान बार-बार बदलता रहता है. अंडों को उनके मूल कार्टन में रखना भी अच्छा तरीका है.

Refrigerator Food Storage: फ्रिज की किसी भी शेल्फ में रख देते हैं खाना? जानें सही जगह

कच्चा मांस और मछली सबसे नीचे रखें

अगर फ्रिज में कच्चा चिकन, मांस या मछली रखनी है, तो इन्हें सबसे निचली शेल्फ पर रखना चाहिए. इसकी वजह सिर्फ ठंडक नहीं, बल्कि सुरक्षा भी है. कच्चे मांस से निकलने वाला पानी या जूस अगर नीचे रखी किसी दूसरी चीज पर गिर जाए, तो वह उसे दूषित कर सकता है. इसलिए कच्चे मांस और मछली को हमेशा बंद कंटेनर या प्लेट में रखें और उन्हें नीचे वाली शेल्फ पर रखें. अगर अगले एक-दो दिन में मांस इस्तेमाल नहीं करना है, तो उसे फ्रीजर में रखना ज्यादा सही विकल्प हो सकता है. लंबे समय के लिए स्टोर करने पर फ्रीजर का तापमान करीब -18 डिग्री सेल्सियस रखा जाता है.

सब्जियों की ट्रे में ही रखें सब्जियां

सब्जियों के लिए फ्रिज में अलग क्रिस्पर या वेजिटेबल ड्रॉअर दिया जाता है. इसका उद्देश्य सब्जियों के आसपास नमी को बेहतर तरीके से बनाए रखना होता है, ताकि वे जल्दी मुरझाएं नहीं. सब्जियों को बिना जरूरत खुली शेल्फ पर फैलाने की बजाय इसी ट्रे में रखना बेहतर है. हालांकि सब्जियों को बहुत ज्यादा ठूंसकर न भरें, क्योंकि हवा का सही सर्कुलेशन भी जरूरी है. फलों और सब्जियों को एक साथ रखने से पहले यह भी ध्यान रखें कि कुछ फल एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जो आसपास रखी कुछ सब्जियों को जल्दी खराब कर सकती है. इसलिए इन्हें अलग रखना ज्यादा बेहतर है.

इसे भी पढ़ें- Home Cleaning Tips: खिड़की बंद फिर भी घर में जमती है धूल? 1 ट्रिक से रखें डस्ट फ्री

फ्रिज के दरवाजे में क्या रखें?

फ्रिज का दरवाजा सबसे ज्यादा तापमान बदलने वाला हिस्सा होता है, क्योंकि हर बार दरवाजा खुलने पर बाहर की हवा अंदर पहुंचती है. इसलिए यहां दूध, अंडे या बहुत जल्दी खराब होने वाली चीजें रखना सही नहीं माना जाता. दरवाजे की रैक में सॉस, अचार, जैम, मक्खन और दूसरे कंडिमेंट्स रख सकते हैं. जूस और कुछ पैक्ड ड्रिंक्स भी यहां रखे जा सकते हैं.

कुछ चीजें फ्रिज में रखने की जरूरत ही नहीं

हर खाने की चीज को फ्रिज में रखना जरूरी नहीं है. केले ज्यादा ठंड में जल्दी काले पड़ सकते हैं. प्याज और लहसुन को सूखी और हवादार जगह पर रखना बेहतर रहता है. आलू को भी आमतौर पर फ्रिज से बाहर ठंडी और सूखी जगह पर रखना चाहिए. ब्रेड को फ्रिज में रखने से वह जल्दी सूख सकती है. अगर इसे लंबे समय तक रखना है, तो फ्रीजर ज्यादा अच्छा विकल्प हो सकता है. टमाटर को भी पूरी तरह पकने से पहले कमरे के तापमान पर रखना बेहतर हो सकता है. पकने के बाद उन्हें जरूरत के मुताबिक फ्रिज में रखा जा सकता है.

फ्रिज को जरूरत से ज्यादा न भरें

फ्रिज में सामान भरते समय एक और गलती बहुत आम है. लोग हर शेल्फ को इतना भर देते हैं कि ठंडी हवा के घूमने की जगह ही नहीं बचती. इससे फ्रिज के अंदर तापमान एक जैसा बनाए रखना मुश्किल हो सकता है. इसलिए सामान के बीच थोड़ी जगह रखें और एयर वेंट को किसी डिब्बे या पैकेट से न ढकें. साथ ही बचे हुए खाने पर तारीख लिखना अच्छी आदत है, ताकि पुराना खाना समय पर इस्तेमाल किया जा सके.

इसे भी पढ़ें- कपड़ों पर तेल का दाग लग गया, तुरंत करें ये काम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *