झारखंड के गिरिडीह जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है. बारिश के कारण जिले के नदी नाले उफान पर हैं. गांव से लेकर शहर तक कई जगहों पर जलजमाव की समस्या देखने को मिल रही है. वहीं गिरिडीह शहर के पटेल नगर इलाके में बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं.
पटेल नगर के मुख्य मार्ग पर बारिश का पानी नदी की तरह बह रहा है. सड़क पर भारी जलजमाव होने के कारण लोगों को पैदल चलने में काफी परेशानी हो रही है. सड़क की हालत ऐसी है जैसे कोई नदी बह रही हो. यहां बाइक, कार और अन्य वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
बिहार-झारखंड में सोन को लेकर समझौता, किस राज्य को कितना पानी मिलेगा?
जलजमाव से लोग हुए परेशान
पटेल नगर के मुख्य मार्ग पर जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में पटेल नगर की यही स्थिति हो जाती है. लोगों का आरोप है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
नगर निगम की अनदेखी से नाराज लोग
यहां लगातार जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि नगर निगम समय पर होल्डिंग टैक्स की वसूली करता है, लेकिन विकास और जल निकासी की व्यवस्था के नाम पर लोगों को हर साल परेशानी झेलनी पड़ती है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो सकते हैं.
झारखंड में SIR पर भयानक रार! INDIA-NDA में तकरार, क्या है पूरा मामला?
