Headlines

Wall Paint Fading: दीवार का रंग उड़ने लगा है? जान लें रंग फीका पड़ने की असली वजह


Why Wall Paint Fades So Quickly: घर की दीवारों पर नया पेंट करवाने के बाद कुछ समय तक कमरा बिल्कुल नया और चमकदार नजर आता है. लेकिन कई बार कुछ ही महीनों बाद दीवार का रंग जगह-जगह से फीका या बेजान दिखाई देने लगता है. खास बात यह है कि पेंट की क्वालिटी भी अच्छी होती है, फिर भी रंग अपनी चमक खोने लगता है. ऐसे में अक्सर लोग पेंट को ही खराब मान लेते हैं, जबकि असली वजह दीवार की सतह, नमी, धूप या पेंटिंग के तरीके से जुड़ी हो सकती है.

अगर आपकी दीवार पर भी रंग एक जैसा नहीं दिख रहा है, तो इसे सिर्फ सामान्य पुराना पेंट समझकर नजरअंदाज न करें. रंग फीका पड़ने के पीछे कई ऐसे कारण हो सकते हैं, जिन्हें समय रहते ठीक करना जरूरी है.

धूप की सीधी रोशनी भी हो सकती है वजह

घर के जिस कमरे में दिनभर तेज धूप आती है, वहां दीवार का रंग बाकी हिस्सों की तुलना में जल्दी हल्का पड़ सकता है. खिड़की से आने वाली सूरज की रोशनी में मौजूद UV किरणें धीरे-धीरे पेंट के पिगमेंट को प्रभावित करती हैं. इसका असर तुरंत नजर नहीं आता, लेकिन लगातार धूप पड़ने से रंग की चमक कम होने लगती है और दीवार कुछ समय बाद फीकी दिखाई देने लगती है. गहरे रंगों में यह बदलाव कई बार ज्यादा साफ नजर आता है. खासकर ऐसी दीवार जो रोज कई घंटों तक सीधी धूप के संपर्क में रहती है, उसके रंग में दूसरी दीवारों की तुलना में जल्दी अंतर दिख सकता है. हालांकि अगर रंग सिर्फ कुछ हिस्सों से पैची तरीके से फीका हो रहा है, तो इसकी वजह केवल धूप नहीं हो सकती.

दीवार में नमी है तो रंग भी प्रभावित होगा

दीवार का रंग खराब होने की एक बड़ी वजह नमी भी हो सकती है. खासकर बाथरूम, किचन या ऐसी जगहों पर जहां भाप और नमी ज्यादा रहती है, वहां पेंट की सतह पर इसका असर पड़ सकता है. बार-बार नमी आने और सूखने से पेंट की परत कमजोर होने लगती है. अगर दीवार पर ऊपर की तरफ पीले निशान दिखाई दे रहे हैं, रंग फीका या चॉक जैसा लग रहा है, या कहीं से पेंट फूलने और उखड़ने लगा है, तो नमी की समस्या हो सकती है. कई बार पानी दीवार के अंदर से आ रहा होता है, जैसे किसी पाइप में लीकेज या दूसरी तरफ से पानी का रिसाव. ऐसी स्थिति में सिर्फ ऊपर से दोबारा पेंट कर देने से समस्या स्थायी रूप से ठीक नहीं होती.

पेंट से पहले दीवार की तैयारी भी है जरूरी

कई बार पेंट करवाते समय दीवार की तैयारी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता. पुरानी पेंट की परत, धूल, चिकनाई या बहुत ज्यादा सोखने वाली सतह पर सीधे पेंट करने से रंग एक जैसा नहीं बैठता. शुरुआत में दीवार ठीक दिखाई दे सकती है, लेकिन समय के साथ अलग-अलग हिस्सों में रंग का फर्क साफ नजर आने लगता है.

Wall Paint Fading: दीवार का रंग उड़ने लगा है? जान लें रंग फीका पड़ने की असली वजह

यही वजह है कि पेंट करने से पहले दीवार की सतह को सही तरीके से तैयार करना जरूरी होता है. जरूरत के अनुसार प्राइमर लगाने से सतह अधिक समान हो जाती है और ऊपर लगाया गया पेंट बेहतर तरीके से चिपकता है. खासकर नई प्लास्टर वाली या बहुत ज्यादा सोखने वाली दीवार पर प्राइमर की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है.

किचन की दीवार पर जमने वाली चिकनाई भी बदल सकती है रंग

किचन में चूल्हे के आसपास की दीवारें बाकी कमरों की तुलना में जल्दी गंदी होती हैं. खाना बनाते समय निकलने वाली भाप, तेल की महीन परत और धुएं के कण धीरे-धीरे दीवार पर जम सकते हैं. इससे दीवार का रंग पीला, धुंधला या बेजान दिखाई देने लगता है. यह हमेशा पेंट के फीका पड़ने की वजह नहीं होती, बल्कि कई बार उसके ऊपर जमा गंदगी इसका कारण होती है.

इसे भी पढ़ें- Toilet Cleaner: कमोड में डालें 1 घरेलू टैबलेट, मिनटों में चमक जाएगा टॉयलेट

सफाई के दौरान ज्यादा रगड़ना भी सही नहीं

दीवारों को साफ करने के लिए बहुत तेज केमिकल या खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल करने से भी पेंट की ऊपरी परत प्रभावित हो सकती है. खासकर मैट या फ्लैट फिनिश वाली दीवारें ज्यादा रगड़ने पर जल्दी घिसी हुई नजर आ सकती हैं. एक ही जगह को बार-बार साफ करने से उस हिस्से की चमक बाकी दीवार से अलग दिखाई देने लगती है.

पेंट की क्वालिटी के साथ लगाने का तरीका भी मायने रखता है

अच्छी क्वालिटी का पेंट होने के बावजूद अगर उसे गलत तरीके से लगाया गया है, तो उसकी उम्र कम हो सकती है. पेंट को जरूरत से ज्यादा पतला करना, दो कोट के बीच पर्याप्त समय न देना या बहुत ज्यादा नमी और तापमान में पेंट करना उसके फिनिश को प्रभावित कर सकता है. इसी तरह चमकदार पुरानी सतह पर बिना सही तैयारी के नया पेंट करने से उसकी पकड़ कमजोर हो सकती है.

इसे भी पढ़ें- कपड़ों पर तेल का दाग लग गया, तुरंत करें ये काम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *