टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई बार खुलकर बात कर चुकी हैं. हाल ही में शार्दुल पंडित के पॉडकास्ट में उन्होंने इंटर-रिलीजन मैरिज, पति शाहनवाज शेख के साथ रिश्ते और मां बनने के बाद बदली अपनी सोच पर बात की. बातचीत में उन्होंने बताया कि दोनों न सिर्फ एक-दूसरे के बल्कि सभी धर्म और त्योहारों का सम्मान करते हैं और साथ मिलकर हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के फेस्टिवल्स सेलिब्रेट भी करते हैं.
देवोलीना के मुताबिक, उनके रिश्ते को लेकर आज भी दोनों तरफ से तरह-तरह की बातें कही जाती हैं. कुछ लोग शाहनवाज को लेकर कहते हैं, मैंने उन्हें हिंदू बना दिया, जबकि मेरी अपनी कम्युनिटी के कुछ लोग दोनों के तलाक की भविष्यवाणी तक करने लगते हैं. अब इन टिप्पणियों में उनके बच्चे को भी शामिल किया जाता है और लोग उसके धर्म को लेकर सवाल करते हैं कि ये कौन-सा धर्म अपनाएगा.
बच्चे की ट्रोलिंग पर बोलीं देवोलीना, ‘आपके कर्म आपके धर्म जैसे नहीं’
देवोलीना ने सवाल उठाया कि आखिर किस धर्म या मजहब में किसी बच्चे को ट्रोल करना सिखाया जाता है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग प्रोफाइल में भगवान या काबा की फोटो लगाते हैं, लेकिन उनके व्यवहार में उन रिलीजस वैल्यूज की झलक नहीं दिखती. उनका कहना था कि किसी भी धर्म को मानने का मतलब दूसरे धर्मों को नीचा दिखाना या उनके बच्चों पर टिप्पणी करना नहीं हो सकता.
ये भी पढ़ें: दीपिका पादुकोण का ‘फेक प्रेग्नेंसी’ के दावों पर रिएक्शन, पोस्ट को किया लाइक
बच्चे की ट्रोलिंग पर बात करते करते देवोलीना काफी इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा कि कोई भी मां अपने बच्चे के बारे में कुछ बुरा नहीं सुन सकती. उन्होंने ये भी कहा कि एक मां एक ही समय पर मजबूत और कमजोर, दोनों हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘जब बात बच्चे की हो तो मैं तो त्रिशूल-तलवार सब लेकर खड़ी हो जाती हूं.’
देवलीना बोलीं मां बनने के बाद एहसास अलग है
बच्चों के साथ होने वाले अपराधों और उन्हें लेकर सामने आने वाली खबरों का जिक्र करते हुए देवोलीना ने कहा, ‘अखबार, टीवी या सोशल मीडिया पर छोटे बच्चों के साथ होने वाले क्राइम देखती हैं तो उनका सीना फट जाता है. बच्चे को जन्म देने के बाद इन खबरों का असर उन पर पहले से कहीं ज्यादा होता है.
उन्होंने यह भी कहा कि अब वह अपनी मां से पहले से ज्यादा प्यार करती हैं, क्योंकि मां बनने के बाद उन्हें समझ आया है कि मां होना वास्तव में क्या होता है.
ये भी पढ़ें: Big Boss 20: रात में काजी तौकीर की हरकत से सहमे कंटेस्टेंट, सुबह बताई पूरी सच्चाई
कैसे शुरू हुई थी शाहनवाज संग देवोलीना की लव स्टोरी?

शाहनवाज एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी के जिम ट्रेनर थे और दोनों की मुलाकात जिम में ही हुई थी. दोनों 7 साल से दोस्त थे और करीब 3 साल से रिलेशनशिप में भी रहे. फिर दोनों ने 14 दिसंबर 2022 को कोर्ट वेडिंग कर ली. 2024 में उनका एक बेटा हुआ. दोनों ने मिलकर बेटे का नाम जॉय रखा.
