जैसे-जैसे वक्त के साथ क्रिकेट में तब्दीलियां आ रही हैं, वैसे-वैसे खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर ज्यादा बात होने लगी है. BCCI से लेकर दुनियाभर के तमाम क्रिकेट बोर्ड खिलाड़ियों के आराम पर खास तवज्जो दे रहे हैं. लेकिन सिराज एक अलग ही राह पर चलते नजर आ रहे हैं. तेज गेंदबाज ब्रेक के लिए उत्सुक रहते हैं, वहीं सिराज का कहना है कि लंबे ब्रेक से उन्हें दिक्कत हो रही है.
हाल ही में सिराज दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोने के लिए खेलते हुए नजर आए थे. मुकाबले में सिराज को सिर्फ 1 विकेट मिला. इसके अलावा उन्होंने काफी रन भी खर्चे. मैच के दौरान सिराज की स्पीड की भी बात हुई. अब सिराज ने लंबे ब्रेक को इन सारी चीजों का जिम्मेदार ठहराया. सिराज का कहना है कि लंबे आराम के चलते उनकी लय बिगड़ गई.
‘लय वाला गेंदबाज हूं’
दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद सिराज ने कहा, “मैं पूरी तरह से लय वाला गेंदबाज हूं. अगर मेरा तालमेल सही नहीं है, तो मैं क्रीज में जोरदार कमाल नहीं कर सकता. श्रीलंका में यही संघर्ष था- मेरा रनअप असंबद्ध महसूस हो रहा था. कुछ स्ट्राइड (कदम) बहुत छोटे थे, जबकि कुछ बहुत लंबे थे, जिससे मेरी लय खराब हुई और उससे गति का नुकसान हुआ.”
सिराज ने आगे कहा, “हर गेंदबाज की बॉडी अलग होती है, लेकिन मेरी ज्यादा लंबे ब्रेक नहीं संभाल पाती है. एक छोटा ब्रेक तो ठीक है, लेकिन मेरे 10 सालों के करियर में मैंने कभी पूरे 2 महीने का ब्रेक नहीं लिया.”
यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी फाइनल के 3 स्टार, जिन्हें न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में मिल सकता है मौका
मोहम्मद सिराज का करियर
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले सिराज ने अब तक अपने करियर में 48 टेस्ट, 50 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 90 पारियों में उन्होंने 144 विकेट लिए हैं, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 9/190 का रहा. वनडे की 49 पारियों में सिराज ने 76 विकेट अपनी झोली में डाले, यहां उनका बेस्ट फिगर 6/21 का रहा. बाकी टी20 इंटरनेशनल की 17 पारियों में सिराज ने 17 विकेट चटकाए हैं.
यह भी पढ़ें: सैमसन OUT वैभव IN , AFG के खिलाफ पहले टी20 ऐसी होगी टीम इंडिया की प्लेइंग XI!
