बिहार में क्या नीतीश कुमार की पार्टी का नाम बदलेगा? क्या अब ‘जनता दल नीतीश’ होगा? जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के बयान के बाद शुक्रवार (11 सितंबर, 2026) को जेडीयू के दो बड़े नेताओं ने स्टैंड साफ कर दिया. पार्टी के नेताओं ने संजय कुमार झा के बयान का समर्थन किया है.
‘सर्वसम्मति से पास होने योग्य प्रस्ताव’
नीतीश कुमार के काफी पुरानी सहयोगी रहे और जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिल्कुल सही कहा है. हम उनकी बात का समर्थन करते हैं. नीतीश कुमार के नाम पर पार्टी चल रही है. हम लोगों के वह सर्वमान्य नेता हैं. उनके काम को महत्व देते हुए जुड़े हुए हैं, तो निश्चित तौर पर जो प्रस्ताव है यह सर्वसम्मति से पास होने योग्य है.
जेडीयू से ‘जनता दल नीतीश’ नाम करने पर श्रवण कुमार ने साफ कहा कि जितनी जल्दी हो कर देना चाहिए. श्रवण कुमार ने आगे कहा कहा कि नीतीश कुमार हमारे विश्वकर्मा हैं. बिहार के विकास पुरुष हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार NDA में तनातनी! JDU विधायक बोले- ‘हम सरकार में हैं लेकिन…’
बिजेंद्र यादव बोले- हम समर्थन करते हैं
दूसरी ओर नीतीश कुमार के काफी पुराने सहयोगी रहे और पार्टी के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी संजय कुमार झा की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि यह हमारे पार्टी के अंदर की बात है. यह होता है तो हम समर्थन करते हैं.
बिजेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह पार्टी के अंदर निर्णय लेने की बात है. हम लोग इस पर निर्णय लेंगे. बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ करने पर उन्होंने कहा कि किसी के कुछ कहने से कुछ नहीं होता है. कोई कह देगा कि इसका नाम यह हो जाए तो यह तो सरकार को करना है. हालांकि श्रवण कुमार ने बख्तियारपुर के नाम बदलने पर कहा कि अगर सब लोगों की राय है तो सरकार को इस पर विचार करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- संजय झा तोड़ देंगे JDU! तेजस्वी की RJD ने क्यों लगाया ये आरोप?
