भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया है. फाइनल के बाद भारतीय महिला टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं ली. पूरे भारतवर्ष में यह फिलहाल चर्चा का मुद्दा बना हुआ है. इसी बीच स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के पिता का कहना है कि पाकिस्तान जैसे आतंकवादी देश के साथ संबंध ही नहीं रखने चाहिए, फिर ट्रॉफी लेना तो दूर की बात है. उन्होंने टीम इंडिया के ट्रॉफी ना लेने के फैसले का समर्थन किया.
दीप्ति शर्मा के पिता ने तीखे बोल
दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा ने एबीपी न्यूज से बातचीत में बताया, “भारत की बेटियों ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी ना लेकर बहुत अच्छा काम किया है. एक साल पहले हमारी पुरुष टीम ने भी ऐसा ही किया था. पाकिस्तान एक आतंकवादी देश रहा है. आतंकवादियों ने हमारे 26 निर्दोष लोगों को मार दिया था, पूरे विश्व ने उसकी (पाकिस्तान) की आलोचना की थी.”
उन्होंने आगे कहा, “ऐसे आतंकवादी देश से हमें संबंध ही नहीं रखना चाहिए, ट्रॉफी लेना तो बहुत दूर की बात है. भारत की बेटियों ने बहुत अच्छा कदम उठाया है और आगे भी उन्हें ऐसा ही करना चाहिए.”
दीप्ति के घर जश्न का माहौल
एशिया कप के फाइनल में भारत की यादगार जीत के बाद दीप्ति शर्मा के घर जश्न सा माहौल देखने को मिला. परिवार वालों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की.
इससे पहले एक अन्य क्रिकेटर ऋचा घोष के पिता, मनाबेंद्र घोष भी मोहसिन नकवी पर निशाना साध चुके हैं. उनका कहना है कि नकवी ट्रॉफी प्रेजेंट करने लायक नहीं हैं और ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी ना लेकर टीम इंडिया ने अच्छा काम किया.
यह भी पढ़ें: ‘फर्क नहीं पड़ता…’, मोहसिन नकवी से ट्रॉफी ना लेने पर आया BCCI का रिएक्शन
टूर्नामेंट में लिए सबसे ज्यादा विकेट
दीप्ति शर्मा महिला एशिया कप 2026 टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज रहीं. उन्होंने 5 मैचों में 14 विकेट लिए, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रहे. टी20 फॉर्मेट में खेले गए एक एशिया कप टूर्नामेंट में यह किसी गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं. दीप्ति ने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर किया है. पहले भी एक एशिया कप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम था. दीप्ति ने 2022 एशिया कप में 13 विकेट चटकाए थे.
यह भी पढ़ें:
एशिया कप फाइनल में मोहसिन नकवी को किसने बुलाया? इज्जत तार-तार
